इंडस्ट्रियल एरिया, फेज़ एक में एसडीएम के कार्यालय के पास स्थित सरकारी गौशाला में गौवंश की दिल दहलाने वाली दुर्दशा : बिल्डिंग की भी अति जर्जर हालत


इंडस्ट्रियल एरिया, फेज़ एक में एसडीएम के कार्यालय के पास स्थित सरकारी गौशाला में गौवंश की दिल दहलाने वाली दुर्दशा : बिल्डिंग की भी अति जर्जर हालत

गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
जनता से गौ सेस सहित विभिन्न कर वसूले जाने पर भी गौ माता के साथ इस प्रकार की दुर्दशा और लापरवाही नाकाबिले बर्दाश्त है : अमित शर्मा

चण्डीगढ़ : इंडस्ट्रियल एरिया फेज़ एक स्थित कैटल पाउंड नंबर 4 में भी माखन माजरा जैसी गंभीर स्थिति सामने आई है।
एसडीएम ईस्ट के कार्यालय के पास स्थित इस सरकारी गौशाला में एक गौ माता तड़पती हुई मिली, जिसकी आंखें बुरी तरह घायल थीं। वहीं एक अन्य गौ माता मृत अवस्था में मिली, जो कई दिनों से पड़े रहने के कारण सड़ रही थी।
गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आज सूचना मिलने पर यहां निरीक्षण किया तो उक्त तथ्य सामने आए। संस्था के पदाधिकारियों अमित शर्मा, मोहित शर्मा, ईश्वर राणा व मोहन राणा ने कहा कि यह स्थिति गौ माता के प्रति घोर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी प्रशासन को शिकायतें दे चुके हैं, जिसमें 4 नंबर कैटल पाउंड और माखन माजरा से गौ तस्करी की आशंका एवं अन्य गंभीर मामलों की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहा।
संस्था द्वारा धरने-प्रदर्शन के बाद एरिया डीएसपी और थाना प्रभारी भी यहां पहुंचे और गौ सेवकों को आश्वासन दिया कि कल इन मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
इस पर गौ सेवकों ने कहा कि वे प्रशासन के इस आश्वासन का सम्मान करते हैं और कल की कार्रवाई का इंतजार करेंगे। लेकिन यदि कल कैटल पाउंड में कार्यरत संबंधित अधिकारी, गेटकीपर एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई या निलंबन नहीं किया जाता, तो परसों सभी गौ सेवक एवं हिंदू संगठन मिलकर हल्लोमाजरा चौक पर शांतिपूर्ण धरना- सड़क जाम करेंगे।
अमित शर्मा ने कहा कि प्रशासन द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती है, तो उसके बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उनके मुताबिक यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गौ माता के सम्मान, सुरक्षा और उचित व्यवस्था के लिए है।
उन्होंने जानकारी दी कि सभी गौ सेवक पिछले कई अरसे से से इस लड़ाई को लगातार लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी मांग केवल इतनी है कि गौ माता को सम्मान मिले, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो और उसकी देखभाल के लिए जिम्मेदार व्यवस्था जवाबदेह बने।


