मौलीजागरां में टूटी सड़कें और बहता सीवरेज बना परेशानी का सबब, समाजसेवियों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

Chamdigarh /31.5.26 :मौलीजागरां में टूटी सड़कें और बहता सीवरेज बना परेशानी का सबब, समाजसेवियों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़, 31 मई: वार्ड नंबर-7 स्थित मौलीजागरां में रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति और सड़कों पर बह रहे सीवरेज के गंदे पानी को लेकर स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों में भारी रोष है। रविवार को हुई बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय समाजसेवी पॉस्टर रॉबर्ट विलियम ने क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ समय पहले पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं की गई। परिणामस्वरूप बारिश के बाद सड़क दलदल में तब्दील हो गई है और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गई है।
उन्होंने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया और तिपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि रेलवे कॉलोनी की ओर से लगातार सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। गंदे पानी के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और लोगों को बीमारियों के फैलने का खतरा सता रहा है।
इस मुद्दे को लेकर पॉस्टर रॉबर्ट विलियम के साथ नरेश कुमार, मिश्री लाल यादव, सतपाल, सद्दाम हुसैन, राजेंद्र शर्मा, दिलावर सिंह, रेनू विलियम, रेखा, राजबाला तथा क्षेत्र के अन्य समाजसेवियों और नागरिकों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
पास्टर रॉबर्ट विलियम ने कहा कि किसी भी विकास कार्य के दौरान सड़क की खुदाई के बाद उसे पहले जैसी स्थिति में बहाल करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए तथा सीवरेज के गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी और समाजसेवी संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क और सीवरेज संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



