गांधी स्मारक भवन, चण्डीगढ़ में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग दीक्षांत समारोह संपन्न

गांधी स्मारक भवन, चण्डीगढ़ में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग दीक्षांत समारोह संपन्न

चण्डीगढ़ : गांधी स्मारक निधि, पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश द्वारा संचालित गांधी स्मारक भवन, सेक्टर-16, चंडीगढ़ में आज प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग (एनडीडीवाई) के विद्यार्थियों के लिए भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, गणमान्य अतिथियों तथा स्वास्थ्य एवं योग के क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि चण्डीगढ़ साहित्यिक एवं सांस्कृतिक अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. अनीश गर्ग थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंजाब के पूर्व डी.पी.आई. तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के पूर्व निदेशक डॉ. जगतार सिंह खटड़ा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पौधारोपण के साथ हुआ। अतिथियों ने महात्मा गांधी के विचारों, प्राकृतिक जीवन शैली तथा योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में डॉ. अनीश गर्ग ने कहा,
प्रकृति की गोद में जो स्वास्थ्य का दीप जलाते हैं, वे केवल चिकित्सक नहीं, जीवन में नव-प्रभात लाते हैं। और आगे कहा यह मात्रक डिप्लोमा नहीं बल्कि एक दिव्य शक्ति मिली है जिससे आप बीमार,अस्वस्थ और दुखी लोगों की सेवा करके उनका उद्धार कर सकते हैं। 
वर्तमान समय में प्राकृतिक चिकित्सा और योग केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने तथा मानव सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं डॉ. जगतार सिंह खटड़ा ने विद्यार्थियों को दीक्षांत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा का बढ़ता महत्व आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान 17 विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग (एनडीडीवाई) का डिप्लोमा प्रदान किया गया तथा उन्हें सेवा एवं नैतिक मूल्यों की शपथ दिलाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया। अंशा, दीपिका मलिक, वंदना और विनीता द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को उपस्थित जनों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का संचालन प्रवीण सुधाकर एवं सुरेश चंद्र वर्मा तथा उनकी टीम ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस अवसर पर डॉ. रमेश कुमार, गोविंद कुमार, सुखविंदर, अखिलेश, सुश्री संजू तथा श्रीमती गीता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह में लगभग 100 लोगों ने भाग लिया।
अंत में डॉ. संजीव शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।



