डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-8सी ने डीएवी नेशनल गेम्स-2026 में लहराया परचम, सात ट्रॉफियों पर जमाया कब्जा


(पुनीत महाजन)
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर 2026। डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-8सी, चंडीगढ़ के विद्यार्थियों ने डीएवी नेशनल गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर शहर और स्कूल का नाम रोशन किया है। 24 से 26 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आयोजित इन राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में स्कूल के खिलाड़ियों ने लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और कुश्ती में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल सात ट्रॉफियां अपने नाम कीं।


लॉन टेनिस प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-19 बॉयज, अंडर-17 बॉयज, अंडर-17 गर्ल्स और अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में टीम खिताब जीते। वहीं, अंडर-14 बॉयज टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में गौरिश मदान, आशीष कुमार, दित्ति प्रजापत और हरजस कौर बैंस ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

टेबल टेनिस में स्कूल की अंडर-19 बॉयज और अंडर-19 गर्ल्स टीमों ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस स्पर्धा में विशाल गर्ग और अंकुश कुमार का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। वहीं, वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अंडर-17 गर्ल्स टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।
कुश्ती प्रतियोगिता में भी स्कूल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वंश हुड्डा ने अंडर-17 बॉयज ग्रीको-रोमन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल को गौरवान्वित किया, जबकि गौरिका ने अंडर-19 गर्ल्स फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस शानदार उपलब्धि पर स्कूल की प्रिंसिपल ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षा विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के चलते स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल की इस उपलब्धि से पूरे चंडीगढ़ में खुशी का माहौल है। सात ट्रॉफियों के साथ खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।



