चंडीगढ़ परिवहन की समस्याओं को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिला भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ का प्रतिनिधिमंडल
नई बसों की खरीद, चालकों के लिए प्रमोशन चैनल, 20 करोड़ रुपये से वाहन खरीदने और बर्खास्त 20 परिचालकों की बहाली सहित कई मांगें उठाईं


(पुनीत महाजन)
चंडीगढ़, 30 अक्टूबर 2026। चंडीगढ़ परिवहन विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय महामंत्री राजू भाले राव के नेतृत्व में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज चंडीगढ़ के राज्यपाल एवं प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन विभाग की बेहतरी और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग रखी।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुखता से मांग की कि चंडीगढ़ रोडवेज में यात्रियों की सुविधा और परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई बसों की खरीद की जाए। इसके साथ ही चालकों के लिए भी उचित प्रमोशन चैनल लागू किया जाए, ताकि उन्हें विभाग में पदोन्नति के समान अवसर मिल सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में लैप्स की गई 20 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग चंडीगढ़ रोडवेज के लिए नए वाहन खरीदने में करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बसों और अन्य वाहनों की उपलब्धता बढ़ाना आवश्यक है।
इसके अलावा, करीब एक वर्ष पहले सेवा से पृथक किए गए 20 परिचालकों की सेवा समाप्ति के आदेश निरस्त कर उन्हें दोबारा नौकरी पर बहाल करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन विभाग में रिक्त पड़े पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त बोझ कम होगा और परिवहन सेवाओं में भी सुधार आएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करवाने का आग्रह किया। इस पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर चंडीगढ़ परिवहन विभाग में भारतीय मजदूर संघ (BMS) द्वारा यूनियन की मान्यता के लिए हुए चुनाव में विजय प्राप्त करने पर राज्यपाल ने संगठन के प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य
1. राजू भाले राव (महाराष्ट्र), अखिल भारतीय महामंत्री।
2. सुभाष वर्मा (हिमाचल प्रदेश)।
3. सत्यनारायण शर्मा (राजस्थान)।
4. संजय पंडित (दिल्ली)।
5. जस्सा सिंह (चंडीगढ़)।
6. बलविंदर सिंह (चंडीगढ़)।
7. आजाद सिंह (चंडीगढ़)।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के सकारात्मक आश्वासन के बाद चंडीगढ़ परिवहन विभाग के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा और परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

