नशा भगाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर आरडब्ल्यूए ने एसएचओ मनीमाजरा से की मुलाकात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्कूलों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग — एसएचओ ने दिया प्रभावी कार्रवाई का भरोसा


नशा भगाओ–देश बचाओ अभियान को लेकर आरडब्ल्यूए ने एसएचओ मनीमाजरा से की मुलाकात
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्कूलों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग — एसएचओ ने दिया प्रभावी कार्रवाई का भरोसा
चंडीगढ़, 22 अगस्त। ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, मनीमाजरा चंडीगढ़ के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलदीप कुमार, इंस्पेक्टर एवं एसएचओ थाना मनीमाजरा से मुलाकात कर क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्कूलों के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

प्रतिनिधिमंडल ने “नशा भगाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत नशे की बिक्री एवं सप्लाई पर सख्त कार्रवाई, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी, चोरी, झपटमारी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

एसोसिएशन ने विशेष रूप से स्कूलों की छुट्टी के समय स्कूलों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, ट्रिपल राइडिंग, तेज रफ्तार तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग रखी, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस, प्रशासन, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस को हरसंभव सहयोग देगी।
एसएचओ कुलदीप कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मनीमाजरा क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान और अधिक प्रभावी एवं सख्त किया जाएगा। नशे की बिक्री और सप्लाई से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों की छुट्टी के समय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। ट्रिपल राइडिंग, तेज रफ्तार और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
एसएचओ ने आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर तालमेल से मनीमाजरा को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर चेयरमैन सुभाष धीमान, उपाध्यक्ष शमीम अहमद एवं रॉबर्ट विलियम, लीगल एडवाइजर एडवोकेट अरुण कुमार वशिष्ठ, सलाहकार मंडल के सरदार मनजीत सिंह, रमेश चंद सिरसवाल, महिला समाजसेवी उर्वशी शर्मा, गुरवचन सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूलों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग का समर्थन किया।
एसोसिएशन ने एसएचओ मनीमाजरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से ही मनीमाजरा को सुरक्षित, अपराधमुक्त और नशामुक्त बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाए जा सकते हैं।
राजबीर सिंह भारतीय
अध्यक्ष
ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन
मनीमाजरा, चंडीगढ़



