Breaking News
news

कोर्टरूम से क्रिकेट मैदान तक: महिला अधिवक्ता रचेंगी इतिहास, दिसंबर में ट्राईसिटी में होगा ऑल इंडिया टूर्नामेंट

चण्डीगढ़ : महिला अधिवक्ताओं में खेल, फिटनेस और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला अधिवक्ता क्रिकेट एसोसिएशन का गठन किया गया है। एडवोकेट सविता सिसोदिया की पहल पर गठित इस एसोसिएशन की ओर से 21, 22 और 23 दिसंबर 2026 को चंडीगढ़ ट्राईसिटी में ऑल इंडिया महिला अधिवक्ता फ्रेंडली क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इसे देश में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।

सविता सिसोदिया ने बताया कि उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में महिला अधिवक्ताओं के क्रिकेट मैच करवाने के उद्देश्य से हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था। अब इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए महिला अधिवक्ता क्रिकेट एसोसिएशन का गठन किया गया है। उनके नेतृत्व में एडवोकेट किरनदीप कौर, सुमन सागर, शिवानी, जसप्रीत कौर, सुमन कुमारी और कमलदीप कौर भी इस मुहिम को आगे बढ़ा रही हैं।

टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग राज्यों की चार टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें दिल्ली की दिल्ली डायनामाइट्स, हिमाचल प्रदेश की हिमालयन क्वींस इलेवन, आंध्र प्रदेश की डेक्कन क्वींस और पंजाब एवं हरियाणा की द विकेट काउंसल्स शामिल हैं। द विकेट काउंसल्स टीम में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल में नामांकित सभी महिला अधिवक्ताओं को भाग लेने का खुला निमंत्रण दिया गया है।

आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला अधिवक्ताओं को पेशेवर जिम्मेदारियों से इतर अपनी प्रतिभा दिखाने, फिटनेस बनाए रखने, आपसी मेलजोल बढ़ाने और तनावपूर्ण दिनचर्या से राहत पाने का अवसर भी देगा। इसका उद्देश्य महिला अधिवक्ताओं को यह संदेश देना है कि कोर्टरूम और कानूनी पेशे की व्यस्तताओं के अलावा भी उनके पास अपनी रुचियों और प्रतिभा को निखारने के समान अवसर होने चाहिए।

सविता सिसोदिया ने कहा कि उनका उद्देश्य इस पहल को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2027 में देश के सभी राज्यों की महिला अधिवक्ताओं की टीमों को इसमें शामिल करना है। इस प्रतियोगिता में उम्र की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। अधिकांश महिला अधिवक्ता पहली बार क्रिकेट खेलेंगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि बेहतर फिटनेस, मनोरंजन और तनावपूर्ण जीवन में खुशियां लाने का एक प्रयास है।

उन्होंने कहा, “काली कोट के पीछे एक खिलाड़ी की भावना भी है। हम केवल क्रिकेट नहीं खेल रहे, बल्कि इतिहास रचने, बाधाओं को तोड़ने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा मकसद महिलाओं को प्रेरित करना और उनके जीवन में मुस्कान लाना है।”

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *