news

गांव दरिया की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व सरपंच ने प्रशासक से लगाई गुहार

गांव दरिया की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व सरपंच ने प्रशासक से लगाई गुहार

चण्डीगढ़ : गांव दरिया, वार्ड नं. 9 में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और ट्रैफिक अव्यवस्था को लेकर गांव के पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी ने चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।

पूर्व सरपंच ने बताया कि गांव दरिया में आए दिन हत्या, चोरी, नशाखोरी, सट्टा, चिट्टा और गुंडागर्दी जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हर दो से तीन महीने में गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आने से गांववासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि गांव की महिलाएं, बेटियां और युवा खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा देर रात तक असामाजिक तत्व नशे की हालत में गलियों में घूमते रहते हैं।

ज्ञापन में रेलवे स्टेशन से गांव दरिया जाने वाले मार्ग पर ऑटो और टैक्सियों की अव्यवस्थित पार्किंग को भी बड़ी समस्या बताया गया। इससे लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है और महिलाओं व छात्राओं को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस चौकी इंचार्ज और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का डर समाप्त होता जा रहा है, जिससे आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से गांव दरिया में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा रेलवे स्टेशन मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की गई है, ताकि गांववासियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *