news

डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने महिला पत्रकारों को निडर होकर कार्य करने का दिया संदेश

डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने महिला पत्रकारों को निडर होकर कार्य करने का दिया संदेश

दिशा वूमन वेलफेयर ट्रस्ट और इंडियन वूमन जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा वूमन जर्नलिस्ट कॉन्क्लेव 2026 एवं मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड्स का भव्य आयोजन

 

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से लगभग 150 महिला पत्रकारों ने की शिरकत

चण्डीगढ़ : दिशा वूमन वेलफेयर ट्रस्ट और इंडियन वूमन जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा अध्यक्ष हरदीप कौर के नेतृत्व में होटल हयात सेंट्रिक, सेक्टर-17, चंडीगढ़ में “वूमन जर्नलिस्ट कॉन्क्लेव 2026 एवं मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से महिला पत्रकारों ने भाग लिया, जबकि लुधियाना, जालंधर और बठिंडा सहित विभिन्न शहरों से भी बड़ी संख्या में महिला पत्रकार उपस्थित रहीं।

 

इस वर्ष के कॉन्क्लेव की केंद्रीय थीम “शिक्षा, समाज और महिला सशक्तिकरण” रही। कार्यक्रम के दौरान इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि शैक्षणिक संस्थान, मीडिया और समाज मिलकर महिलाओं के लिए बेहतर अवसर कैसे सृजित कर सकते हैं तथा उन्हें नेतृत्व, रोजगार और सामाजिक भागीदारी के क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए किस प्रकार कार्य किया जा सकता है।

 

इस अवसर पर रोज़ाना स्पोक्समैन की प्रबंध निदेशक श्रीमती जगजीत कौर को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और लंबे समय से दी जा रही विशिष्ट सेवाओं के लिए ट्रस्ट द्वारा “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की धर्मपत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान थीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। दुर्घटनाओं, धरनों, प्रदर्शनों तथा अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज के दौरान उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद वे पूरी निडरता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही हैं।

 

डॉ. मान ने कहा कि आज की युवा लड़कियों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की सोच पहले की अपेक्षा कहीं अधिक मजबूत हुई है। अनेक युवतियां अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म, चैनल और व्यवसाय स्थापित कर नई मिसालें कायम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया सहित प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है।

 

उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज़ होते हैं और महिला पत्रकार लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिला पत्रकारों को निडर और बेखौफ होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वासन दिया कि जहां भी उन्हें सरकार अथवा व्यक्तिगत स्तर पर सहायता की आवश्यकता होगी, वे सदैव उनके साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड में कार्यरत महिला पत्रकारों को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, विशेषकर मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

 

इस अवसर पर दिशा वूमन वेलफेयर ट्रस्ट एवं इंडियन वूमन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष हरदीप कौर ने महिला पत्रकारों के सम्मान हेतु “फोर्थ पिलर ऑफ डेमोक्रेसी अवॉर्ड” शुरू किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मीडिया क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली महिला पत्रकारों को सरकारी स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। इस पर डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक सराहनीय एवं अनूठा सुझाव है और वह इस संबंध में मुख्यमंत्री एवं सरकार से अवश्य चर्चा करेंगी।

 

कार्यक्रम में अतिथि-विशेष के रूप में सरदार मनजीत सिंह (चेयरमैन, दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज), डॉ. अंशु कटारिया (चेयरमैन, आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजेज), आकाश गोयल (मैनेजिंग डायरेक्टर, आईएएस चाणक्य इंस्टीट्यूट), मनदीप कौर टांगरा (मोटिवेशनल स्पीकर), कपिल शर्मा (वाईबीटीसी), जे.पी. सिंह (चेयरमैन, राम टैक्स), अंगद सचदेवा (डायरेक्टर, साज़ सिने प्रोडक्शन) तथा सुभाष गोयल (डायरेक्टर, सुभाष गोयल फाउंडेशन) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

सुभाष गोयल द्वारा पहले से ही पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक 20 लड़कियों की शिक्षा का खर्च वहन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उनके इस सामाजिक प्रयास की विशेष रूप से सराहना की गई और इसे महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक योगदान बताया गया।

 

कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित पैनल चर्चाओं में इंद्रप्रीत कौर दरदी (मुख्य कार्यकारी अधिकारी, चढ़दी कला टाइम्स टीवी) , नीतिका माहेश्वरी (मैनेजिंग एडिटर, डेली पोस्ट टीवी), हरसिमरत पॉल (सीनियर पत्रकार, न्यूज-18), चंचल सचदेवा सूरी , प्रोफेसर, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, प्रो. (डॉ.) ज्योत्सना ठाकुर हेड ऑफ डिपार्टमेंट, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी नवजोत कौर (मीडिया प्रमुख, गुरु नानक देव ग्लोबल फाउंडेशन), आकांक्षा सक्सेना, तनवीर धालीवाल तथा ने भाग लिया। चर्चाओं में शिक्षा, समाज और महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ डिजिटल मीडिया, पत्रकारिता की चुनौतियों, महिलाओं की सुरक्षा तथा मीडिया में नेतृत्व की भूमिका पर विस्तार से विचार साझा किए गए।

 

कार्यक्रम के दौरान मीडिया, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न हस्तियों और संस्थाओं को “मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड्स” से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार सिमरनजोत मक्कड़ की धर्मपत्नी एवं एसएम टीवी की मैनेजिंग डायरेक्टर जसलीन कौर, पत्रकार कामयानी, एंकर हरलीन, पत्रकार खुशबू, पत्रकार जसप्रीत कौर (सिटी होम न्यूज, लुधियाना), पत्रकार आंचल जग्गी, गुरदीप कौर (डेली पोस्ट) तथा चंडीगढ़ से पत्रकार शालू मीरोक और जसनूर धवन सहित 150 महिला पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

 

विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से पहुंची सभी महिला पत्रकारों को मुख्य अतिथि डॉ. गुरप्रीत कौर मान द्वारा पंजाब की सांस्कृतिक पहचान फुलकारी भेंट कर सम्मानित किया गया। महिला पत्रकारों ने इस विशेष सम्मान के लिए आयोजक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। फुलकारी सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा और इसने कार्यक्रम को और अधिक यादगार बना दिया।

 

कार्यक्रम का मंच संचालन डेली पोस्ट की न्यूज एंकर प्रियंका मिलू द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं पेशेवर ढंग से किया गया।

 

अंत में हरदीप कौर ने मुख्य अतिथि, अतिथि-विशेष, पैनलिस्टों, सहयोगी संस्थाओं तथा पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ से पहुंची महिला पत्रकारों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कॉन्क्लेव महिला पत्रकारों की आवाज़ को और अधिक सशक्त बनाने, उन्हें एक साझा मंच प्रदान करने तथा शिक्षा, समाज और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए विचारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *