वार्ड नं. 5 मनीमाजरा सैक्टर 13 चंडीगढ़ में 45 सीसीटीवी कैमरों की स्वीकृति ऐतिहासिक कदम, इंदिरा कॉलोनी के स्वीकृत कैमरे भी शीघ्र लगाए जाएं : राजबीर सिंह भारतीय एवं सुभाष धीमान
वार्ड नं. 5 मनीमाजरा सैक्टर 13 चंडीगढ़ में 45 सीसीटीवी कैमरों की स्वीकृति ऐतिहासिक कदम, इंदिरा कॉलोनी के स्वीकृत कैमरे भी शीघ्र लगाए जाएं : राजबीर सिंह भारतीय एवं सुभाष धीमान


चंडीगढ़, 15 जुलाई।
ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13, चंडीगढ़ ने वार्ड नं. 5 में माननीय चंडीगढ़ सांसद श्री मनीष तिवारी की अनुशंसा पर सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLADS) से 45 नए सीसीटीवी कैमरों की स्वीकृति का हार्दिक स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला एक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी निर्णय बताया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने जारी बयान में कहा कि सेक्टर-13, मनीमाजरा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी, छीना-झपटी, बैटरी चोरी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस प्रशासन को अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे एक मूक प्रहरी की तरह 24 घंटे क्षेत्र की निगरानी करते हैं और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत बनाते हैं।

राजबीर सिंह भारतीय ने इस जनहितैषी निर्णय के लिए माननीय सांसद श्री मनीष तिवारी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम मनीमाजरा क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इंदिरा कॉलोनी (वार्ड नं. 4) में स्वीकृत कैमरे भी शीघ्र लगाए जाएं : सुभाष धीमान
एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने प्रशासन एवं नगर निगम का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इंदिरा कॉलोनी (वार्ड नं. 4) में भी सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLADS) से सीसीटीवी कैमरे लगाने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। संबंधित विभाग द्वारा सर्वे भी पूरा किया जा चुका है तथा कैमरे लगाए जाने वाले स्थान भी चिन्हित किए जा चुके हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इंदिरा कॉलोनी घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए प्रशासन एवं नगर निगम बिना किसी देरी के पहले से स्वीकृत कैमरों को शीघ्र स्थापित कर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएं।
राजबीर सिंह भारतीय ने आगे मांग करते हुए कहा कि वर्तमान में स्वीकृत कैमरों के अतिरिक्त पूरे सेक्टर-13, मनीमाजरा के सभी प्रमुख चौकों, मार्गों, पार्कों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, कॉलोनियों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बन सके।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह राणा, उपाध्यक्ष समीम अहमद एवं पास्टर रॉबर्ट विलियम, सचिव अभिजीत सैनी एवं पूजा, संयुक्त सचिव मंदीप, सैंकी, सतनाम सिंह बैंस (टीटू) एवं आरिफ हुसैन, कानूनी सलाहकार एडवोकेट अरुण वशिष्ठ, सलाहकार मनजीत सिंह एवं जोगेंद्र ठाकुर ने भी इन जनहितकारी सुरक्षा पहलों का स्वागत करते हुए माननीय सांसद श्री मनीष तिवारी का धन्यवाद किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास, जनसुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
एसोसिएशन ने कहा कि “सुरक्षित सेक्टर-13, सशक्त सेक्टर-13 और विकसित सेक्टर-13” का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था को पूरे क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
जारीकर्ता:
राजबीर सिंह भारतीय
अध्यक्ष
ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन
सेक्टर-13, चंडीगढ़



