विश्व पंजाबी प्रचार सभा ने विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी व पुस्तकें

विश्व पंजाबी प्रचार सभा ने विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी व पुस्तकें
शिक्षकों एवं माली को भी किया सम्मानित

चण्डीगढ़ : सरकारी मॉडल मिडिल स्कूल, सेक्टर-23 में विश्व पंजाबी प्रचार सभा, चंडीगढ़ की ओर से शिक्षक सम्मान एवं विद्यार्थियों को स्टेशनरी और पुस्तकें वितरित करने के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध साहित्यकार, शिक्षाविद एवं संपादक डॉ. विनोद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि रहे। पूर्व उप सचिव, पंजाब सरकार एवं साहित्यकार राज कुमार साहोवालिया तथा प्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष प्रिं. बहादुर सिंह गोसल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरमुखी एवं पंजाबी भाषा के प्रति समर्पित गीत से हुआ। प्रिं. गोसल ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा बच्चों को प्रेरित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर हेडमास्टर हरजीत सिंह और गणित अध्यापक सतिंदर सिंह को पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान तथा स्कूल द्वारा बेस्ट ईको अवार्ड प्राप्त करने के लिए शॉल, मोमेंटो, गोल्ड मेडल, पुस्तकों के सेट एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। स्कूल के मेहनती माली शिव राम को भी शॉल, मोमेंटो और गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान स्कूल के 30 विद्यार्थियों को स्टेशनरी एवं पुस्तकें वितरित की गईं।

मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई कर जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण का मजबूत आधार है।
प्रेम विज ने भी बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया, जबकि बलजिंदर कौर शेरगिल ने विद्यार्थियों को छोटी कविताएं और कहानियां लिखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्कूल के अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। मुख्य अध्यापक हरजीत सिंह ने संस्था द्वारा जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन संस्था के महासचिव अवतार सिंह मेहतपुरी ने किया।




