केंद्र की ₹2,620 करोड़ की जल परियोजना से पंजाब को नई उम्मीद : सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी

केंद्र की ₹2,620 करोड़ की जल परियोजना से पंजाब को नई उम्मीद : सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी

चण्डीगढ़ : राज्यसभा सांसद एवं पद्मश्री डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने भारत सरकार द्वारा भारत के अधिकार वाले सिंधु बेसिन के जल के अधिकतम उपयोग हेतु चिनाब–ब्यास लिंक सुरंग एवं संबद्ध परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारत सरकार का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया है।

डॉ. साहनी ने कहा कि प्रस्तावित 8.7 किलोमीटर लंबी सुरंग के माध्यम से चिनाब नदी के अतिरिक्त जल को ब्यास बेसिन में मोड़ा जा सकेगा। यह एक लंबे समय से प्रतीक्षित कदम है, जिससे पंजाब को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय राष्ट्रीय जल सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पंजाब के समक्ष बढ़ती जल चुनौतियों के समाधान के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पंजाब के गंभीर जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. साहनी ने कहा कि वे लगातार पंजाब के नदी जल को अन्य राज्यों की ओर मोड़े जाने का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब अपने वार्षिक पुनर्भरण योग्य भूजल संसाधनों का लगभग 164 प्रतिशत दोहन कर रहा है तथा राज्य के 23 में से 19 जिले भूजल के अत्यधिक दोहन की श्रेणी में आ चुके हैं।
डॉ. साहनी ने कहा कि चिनाब, झेलम एवं सिंधु नदी प्रणालियों के अतिरिक्त जल को पंजाब की ओर मोड़ने से भूजल पुनर्भरण, कृषि तथा दीर्घकालिक जल सुरक्षा के लिए एक परिवर्तनकारी अवसर उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल पंजाब के किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने, गिरते भूजल स्तर को रोकने तथा राज्य को मरुस्थलीकरण के बढ़ते खतरे से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक समृद्ध, सुरक्षित और सतत भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।



