news

बाबा साहेब का अपमान पूरे संविधान, लोकतंत्र और सर्वसमाज का अपमान है : राजबीर सिंह भारतीय

लुधियाना में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा से बेअदबी बेहद शर्मनाक, दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए : भगत राज–मांगे राम-सुखराम

 

Chandigarh 10.9.2026

चंडीगढ़। ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.) के चंडीगढ़ प्रदेश संयोजक राजबीर सिंह भारतीय ने लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के साथ किए गए अमर्यादित व्यवहार और बेअदबी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह केवल बाबा साहेब की प्रतिमा का अपमान नहीं, बल्कि बाबा साहेब के विचारों, भारतीय संविधान, लोकतंत्र और पूरे सर्वसमाज के सम्मान पर हमला है।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि इस शर्मनाक घटना से देशभर में बाबा साहेब को मानने वाले लोगों में भारी रोष है। बाबा साहेब किसी एक जाति, धर्म या वर्ग के नेता नहीं, बल्कि पूरे भारत और मानवता के महानायक हैं। उन्होंने गरीबों, मजदूरों, महिलाओं, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया तथा देश को ऐसी संवैधानिक व्यवस्था दी, जिसमें प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान का अधिकार मिला।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के ऐतिहासिक योगदान को कमतर आंकना या उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना “सूरज को दीपक दिखाने” के समान है। विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा हासिल कर विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले बाबा साहेब का संघर्ष पूरी मानवता के लिए प्रेरणा है।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि जिन लोगों को अपने घर और समाज के लिए भी कानून बनाने का अधिकार नहीं दिया गया था, उसी महान व्यक्तित्व ने पूरे देश को चलाने वाली संवैधानिक व्यवस्था के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसलिए संविधान निर्माता का अपमान देश के इतिहास, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सम्मान केवल भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया के विभिन्न देशों में उनके स्मारक और प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो उनके ज्ञान, संघर्ष, समानता और मानवाधिकारों के संदेश की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण हैं।

 

चंडीगढ़ इकाई ने जताया पूर्ण विरोध

 

ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.) की चंडीगढ़ इकाई के मांगे राम, भगत राज, सुखराम व अन्य पदाधिकारियों ने भी लुधियाना की इस घटना का पूर्ण रूप से विरोध करते हुए इसे बेहद शर्मनाक और निंदनीय कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पंजाब सरकार और प्रशासन से दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बहादुर ने देशभर की इकाइयों को दिए निर्देश

 

ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राकेश बहादुर के संज्ञान में जैसे ही लुधियाना की यह घटना आई, उन्होंने भी इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर का अपमान किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देशभर में ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.) की सभी इकाइयों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस घटना की कड़ी निंदा करें तथा संबंधित सरकार और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग करें।

 

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि देश में महापुरुषों की प्रतिमाओं से बार-बार बेअदबी की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। प्रशासन को केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह भी पता लगाना चाहिए कि ऐसी घटनाओं के पीछे कौन-सी मानसिकता और ताकतें काम कर रही हैं। दोषियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति महापुरुषों और संविधान के प्रतीकों का अपमान करने का दुस्साहस न कर सके।

 

उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि लुधियाना की घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों की तत्काल पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाबा साहेब सहित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं और स्मारकों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।

 

राजबीर सिंह भारतीय ने स्पष्ट कहा कि बाबा साहेब का सम्मान किसी एक समाज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। संविधान की गरिमा, सामाजिक न्याय और भाईचारे पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.) बाबा साहेब के सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी।

 

राजबीर सिंह भारतीय

संयोजक, चंडीगढ़ प्रदेश

ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.)

मांगे राम | भगत राज | सुखराम

चंडीगढ़ इकाई

ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (रजि.)

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *