श्री ब्राह्मण सभा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय समारोह का होगा आयोजन
श्री ब्राह्मण सभा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय समारोह का होगा आयोजन
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा भगवान परशुराम जी की जीवनी पर आधारित प्रवचन एवं भजन कीर्तन किया जाएगा
चण्डीगढ़ : श्री ब्राह्मण सभा, चण्डीगढ़ की कार्यकारिणी की बैठक भगवान परशुराम भवन सैक्टर 37 सी चण्डीगढ़ में हुई जिसकी अध्यक्षता करते हुए प्रधान यशपाल तिवारी ने बताया कि 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा अनुसार परशुराम भवन महिला संकीर्तन मंडली द्वारा भजन कीर्तन की श्रृंखला का शुभारंभ हो चुका है जो 16 अप्रैल तक निरंतर चलेगा। 17 अप्रैल दिन शुक्रवार को श्री गणेश पूजन एवं हवन यज्ञ से त्रिदिवसीय कार्यक्रम प्रारंभ होगा। तदोपरांत महिला संकीर्तन मंडली द्वारा श्री सुंदरकांड जी का पाठ और भजन कीर्तन किया जाएगा। सनातन हिन्दू नववर्ष शक संवत 2083 के तिथिपत्र (कैलेंडर) का विमोचन महापौर सौरभ जोशी जी के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
इसी कड़ी में 18 अप्रैल, दिन शनिवार दोपहर 4 बजे भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी जिसे नगर पालिका के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा झंडी दिखा कर प्रारंभ करेंगे।
अक्षय तृतीया के पवित्र पावन पर्व तथा भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव दिवस पर देव पूजन एवं मूर्तियों का अभिषेक किया जाएगा। सभा के महासचिव अनिल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ की वार्षिक आम सभा की बैठक भी होगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन 19 अप्रैल, दिन रविवार को प्रातः 11.30 बजे दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा भगवान परशुराम जी की जीवनी पर आधारित प्रवचन एवं भजन कीर्तन से किया जाएगा। श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ के मुख्य कोषाध्यक्ष धर्मवीर नारद ने बताया कि कार्यक्रम के प्रतिदिन भोजन प्रसाद इत्यादि की उचित व्यवस्था रहेगी। अखिल भारत ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महासचिव और चंडीगढ़ श्री ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष यशपाल तिवारी ने सभी नगर निवासियों तथा देशवासियों को हिन्दू नव वर्ष सहित अक्षय तृतीया एवं भगवान परशुराम जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 19 अप्रैल के पवित्र पावन पर्व को पूरे भारतवर्ष में बिना भेद भाव के श्रद्धापूर्वक मनाएं।



