जीएमसीएच-32 के बाहर अतिक्रमण हटने से सुरक्षा कर्मचारियों ने ली राहत की सांस, डायरेक्टर प्रिंसिपल का जताया आभार
अब गेट नंबर-2 पर ऑटो-रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क व साइकिल ट्रैक पर खड़ी एंबुलेंस के खिलाफ कार्रवाई की मांग


चंडीगढ़। 5 नवंबर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच-32) के बाहर अवैध फड़ियों और दुकानों को हटाने की कार्रवाई से अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से अस्पताल के बाहर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की पहल करने वाली डायरेक्टर प्रिंसिपल का सुरक्षा कर्मचारियों की ओर से आभार व्यक्त किया गया।सुरक्षा कर्मचारियों ने इस कार्रवाई में सहयोग और तत्परता दिखाने के लिए नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर अविकेश गुप्ता और नगर निगम की पूरी टीम का भी धन्यवाद किया। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटने से अस्पताल के बाहर रास्ता खुला है और डॉक्टरों व अन्य कर्मचारियों को ड्यूटी पर आने-जाने में पहले की अपेक्षा काफी सुविधा मिलेगी।



गेट नंबर-2 पर भी व्यवस्था सुधारने की मांग
अतिक्रमण हटने के बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने अब अस्पताल के गेट नंबर-2 की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस गेट के प्रवेश और निकास मार्ग पर ऑटो-रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है। इसके अलावा सड़क और साइकिल ट्रैक पर निजी एवं बाहरी एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है, जिससे मरीजों, डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों को परेशानी होती है।

सुरक्षा कर्मचारियों ने मांग की कि ऑटो-रिक्शा और अन्य वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करवाया जाए। टैक्सी स्टैंड के लिए तय स्थान का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सड़क और साइकिल ट्रैक पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए जाएं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का प्रवेश और निकास मार्ग हमेशा बाधामुक्त रहना चाहिए, ताकि मरीजों और एंबुलेंस को किसी भी आपात स्थिति में आने-जाने में दिक्कत न हो। अस्पताल परिसर के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखना मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए बेहद जरूरी है।
इन सुरक्षा कर्मचारी प्रतिनिधियों ने जताया आभार
इस अवसर पर सुरक्षा कर्मचारी प्रतिनिधियों में पूर्व प्रधान त्रिलोचन सिंह सैनी, जॉइंट सेक्रेटरी तालिब हुसैन, सदस्य कमलदीप सिंह, उपप्रधान भूपेंद्र सिंह और कैशियर राजकुमार ने डायरेक्टर प्रिंसिपल, जॉइंट कमिश्नर अविकेश गुप्ता और नगर निगम की पूरी टीम का धन्यवाद किया।
सुरक्षा कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि अस्पताल में बेहतर व्यवस्था, सुगम आवागमन और मरीजों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह अस्पताल के बाहर अतिक्रमण हटाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया गया है, उसी तरह गेट नंबर-2 की पार्किंग और यातायात संबंधी समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा।

