news

सोहांजना इको क्लब ने संकल्प एनजीओ के सहयोग से वन महोत्सव मनाया : विद्यार्थियों को ‘ग्रीन एम्बेसडर’ बनने के लिए प्रेरित किया

सोहांजना इको क्लब ने संकल्प एनजीओ के सहयोग से वन महोत्सव मनाया : विद्यार्थियों को ‘ग्रीन एम्बेसडर’ बनने के लिए प्रेरित किया

 

चण्डीगढ़ : राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर 46-डी में सोहांजना इको क्लब के तत्वावधान में संकल्प एनजीओ के सहयोग से वन महोत्सव अत्यंत उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण चेतना जगाने, वृक्षारोपण को प्रोत्साहन व जैव विविधता के संरक्षण का संदेश देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में चीकू के फलदार पौधों के रोपण से हुआ। अतिथियों, विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षकों, सोहांजना इको क्लब के सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने मिलकर पौधारोपण किया। वृक्षारोपण अभियान विद्यालय में हरित परिसर विकसित करने, जैव विविधता बढ़ाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण-मुक्त वातावरण के निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

मुख्य अतिथि प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विशेष आचार्य अरुण ने विद्यालय द्वारा सोहांजना इको क्लब के माध्यम से संचालित पर्यावरणीय गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति सबसे बड़ी चिकित्सक है तथा मानव का स्वास्थ्य पर्यावरण की सेहत से सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य में किया गया एक अमूल्य निवेश है।

इस अवसर पर अर्चना नागरथ, अंजलि कपूर तथा संकल्प एनजीओ के अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। अर्चना नागरथ ने बताया कि संकल्प एनजीओ चंडीगढ़ में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए निरंतर वृक्षारोपण अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से कार्य कर रहा है।

औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय की प्राचार्या प्रिटी सूद ने सोहांजना इको क्लब के सदस्यों को स्टीविया, हल्दी, पाथरचट्टा, कढ़ी पत्ता, निर्गुंडी, कालमेघ, ब्राह्मी सहित अनेक औषधीय पौधों के पौधे वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को घरों में एक औषधीय पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा परिवार और पड़ोसियों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

इको क्लब प्रभारी एवं चंडीगढ़ इको क्लब्स की एसोसिएट कोऑर्डिनेटर श्रीमती बलजिंदर कौर ने कहा कि सोहांजना इको क्लब विद्यार्थियों में पर्यावरण चेतना विकसित करने हेतु निरंतर वृक्षारोपण अभियान, हर्बल गार्डन का विकास, औषधीय पौधों के संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, बीज संग्रहण, प्रकृति भ्रमण, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएँ, पर्यावरण जागरूकता रैलियाँ आयोजित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे “ग्रीन एम्बेसडर” बनकर वृक्ष लगाएँ।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण क्षेत्रीय समन्वयक (पर्यावरण शिक्षा), विद्या भारती उत्तर क्षेत्र तथा चंडीगढ़ के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के इको क्लब एवं पर्यावरण समितियों के प्रधान समन्वयक ओम प्रकाश, द्वारा विद्यालय के हर्बल गार्डन में लगाए गए विभिन्न औषधीय पौधों का ज्ञानवर्धक प्रदर्शन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को तुलसी, स्टीविया, कढ़ी पत्ता, हल्दी, कालमेघ, नींबू, ब्राह्मी, निर्गुंडी, पाथरचट्टा सहित अनेक औषधीय पौधों के औषधीय, पोषणात्मक एवं पर्यावरणीय महत्व से परिचित कराया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वनों की महत्ता तथा जैव विविधता संरक्षण पर आधारित प्रेरणादायक कविताएँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर सविता, डॉ.आदर्शपाल, निम्मी, श्रीमती कर्मजीत, सोहांजना इको क्लब के सदस्य, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *