वायरल वीडियो को डिम्पल ने बताया फेक, फिल्टर पानी से खाना बनाने का दावा
वायरल वीडियो को डिम्पल ने बताया फेक, फिल्टर पानी से खाना बनाने का दावा

चंडीगढ़ : सेक्टर-34/ए स्थित एस.सी.ओ. 13-14-15 से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर डिम्पल ने सफाई दी है। डिम्पल ने वीडियो को फेक और एडिटेड बताते हुए कहा है कि उनके प्रतिष्ठान में तैयार होने वाला खाना पूरी तरह फिल्टर किए हुए पानी से बनाया जाता है।
डिम्पल के अनुसार, सोशल मीडिया पर जसपाल सिंह द्वारा वायरल किए गए वीडियो में उनके यहां खाने को लेकर गलत बातें कही गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस पानी को लेकर वीडियो में सवाल उठाए गए हैं, उसका इस्तेमाल खाना बनाने के लिए नहीं किया जाता। उनके मुताबिक, वह पानी केवल बर्तन धोने और सफाई के काम में इस्तेमाल होता है।
डिम्पल ने कहा कि जिस तरह का खाना ग्राहकों को परोसा जाता है, वही खाना वे स्वयं और उनके परिवार के सदस्य भी खाते हैं। उन्होंने दावा किया कि खाना बनाने में हमेशा उचित फिल्टर वॉटर का इस्तेमाल किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि जसपाल सिंह उनके सगे भाई हैं और पहले वह भी उनके साथ इसी काम में जुड़े हुए थे। डिम्पल के मुताबिक, पारिवारिक स्तर पर कुछ व्यक्तिगत विवाद होने के कारण उन्होंने जसपाल सिंह से अलग काम करने के लिए कहा था। उनका आरोप है कि इसी बात की नाराजगी के चलते जसपाल सिंह ने उनके खिलाफ कथित तौर पर फेक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।

डिम्पल ने कहा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप वास्तविकता से परे हैं और उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी वीडियो को बिना तथ्यों की पुष्टि किए सच नहीं मानने की अपील की है।


