राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया होंगे सेक्टर-46 के दशहरा महोत्सव के मुख्य अतिथि, 106 फुट ऊंचे रावण का होगा दहन
नशामुक्त चंडीगढ़ का संदेश, एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद


चंडीगढ़, 18 अक्टूबर।
श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी, सेक्टर-46, चंडीगढ़ की ओर से 20 अक्टूबर को 29वां दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सेक्टर-46 स्थित सब्जी मंडी के मैदान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान 106 फुट ऊंचे रावण के पुतले सहित मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि महोत्सव में ट्राइसिटी से एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे।

रविवार को श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-46 में आयोजित पत्रकार वार्ता में कमेटी के मुख्य संरक्षक एवं चेयरमैन जतिंदर भाटिया, प्रधान नरिंदर कुमार भाटिया और महासचिव सुशील सोवत ने बताया कि इस बार रावण के पुतले की घूमती गर्दन और चेहरा, नाभि से निकलने वाली अमृत कुंड की धारा, आंखों से निकलने वाले आग के अंगारे और सोने की लंका का दहन मुख्य आकर्षण रहेंगे।

नशामुक्त चंडीगढ़ का दिया जाएगा संदेश
चेयरमैन जतिंदर भाटिया ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन की नशामुक्ति मुहिम के समर्थन में इस बार नशे के पुतले का भी प्रतीकात्मक दहन किया जाएगा, ताकि विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसका उद्देश्य समाज को बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा देना भी है।
शोभायात्रा दोपहर 3 बजे निकलेगी
प्रधान नरिंदर कुमार भाटिया और महासचिव सुशील सोवत ने बताया कि 20 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-46 से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सेक्टर-47 और सेक्टर-45 से होते हुए शाम 4:30 बजे दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां विभिन्न रामलीला कमेटियों के कलाकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। सूर्यास्त के बाद मंत्रोच्चारण के साथ रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
दो हस्तियों को मिलेगा चंडीगढ़ रत्न अवार्ड
इ वर्ष महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रोफेसर प्रदीप सिंह वालिया और चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग में सब-डिवीजनल इंजीनियर सरबन सिंह को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘चंडीगढ़ रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर लगभग 8 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए चंडीगढ़ पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल गाड़ियों और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी। महोत्सव का प्रमुख टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण होगा।
कमेटी पदाधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों में सहयोग के लिए चंडीगढ़ प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और स्थानीय निवासियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि कमेटी के डीडी शर्मा, अशोक भारद्वाज, हरकेश जोशी, जोली तरीका, हरजेश विमल, सुमित गुप्ता, सुदर्शन बत्रा, गुलशन जी, वरुण कुमार, दीपक भारद्वाज और कृष्ण मुसाफिर सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।


