मातृ दिवस पर भावनाओं और उल्लास से सराबोर हुआ महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल


चण्डीगढ़ : महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, गाँव दरिया द्वारा मातृत्व दिवस का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन श्रीमती सिकंदरा देवी मल्टीमीडिया हॉल में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित माताओं का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत के अध्यापक सुभाष चंद द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भावनाओं से सराबोर कर दिया। कक्षा पांचवी एवं तीसरी के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने जोशीले डांस से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए बैलून फन एक्टिविटी का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुति दी तथा कप्स फन एक्टिविटी ने कार्यक्रम में मनोरंजन का रंग भर दिया। कक्षा दूसरी के बच्चों के नृत्य ने सभी का मन मोह लिया, वहीं बैलून बर्स्टिंग एक्टिविटी ने उपस्थित माताओं और बच्चों में उत्साह का संचार किया। कक्षा पहली के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। इसके बाद उप प्रधानाचार्य अंजू मोदगिल ने मातृत्व के महत्व पर प्रेरणादायक संबोधन दिया और माताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में यूकेजी के बच्चों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि एलकेजी एवं नर्सरी के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे बच्चों की मासूम अदाओं ने सभी का दिल जीत लिया। विद्यार्थियों ने अपनी माता को ग्रीटिंग कार्डस भी भेंट किये। कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती सिकंदरा देवी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से सभी माताओं को रिफ्रेशमेंट प्रदान की गई। पूरा कार्यक्रम प्रेम, सम्मान और पारिवारिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।



