बलटाना–रायपुर कलां क्षेत्र को बड़ी सौगात: रेलवे अंडरपास परियोजना का शिलान्यास सम्पन्न

बलटाना–रायपुर कलां क्षेत्र को बड़ी सौगात: रेलवे अंडरपास परियोजना का शिलान्यास सम्पन्न

ज़ीरकपुर/चंडीगढ़, 20 मई 2026
आज बलटाना–रायपुर कलां क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब लंबे समय से लंबित रेलवे अंडरपास (Road Under Bridge) परियोजना का विधिवत शिलान्यास सम्पन्न हुआ। यह परियोजना अंबाला–चंडीगढ़ रेल सेक्शन पर एल.सी. नं. 123 (स्पेशल) के स्थान पर बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम, दुर्घटनाओं और आवागमन की समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक चंडीगढ़ तथा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री मनीष तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह अवसर केवल शिलान्यास नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के लगभग 8 वर्षों के निरंतर संघर्ष, जनआंदोलन और कई चरणों में किए गए आमरण अनशन की जीत का प्रतीक रहा। इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने और लगातार जनहित की आवाज़ उठाने में संयुक्त संघर्ष कमेटी (Joint Action Committee) के अध्यक्ष श्री प्रताप सिंह राणा की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
श्री प्रताप सिंह राणा ने कहा कि यह अंडरपास केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि बलटाना और आसपास के क्षेत्र के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है। उन्होंने इस संघर्ष में साथ देने वाले सभी क्षेत्रवासियों, पंचों, सरपंचों, सामाजिक संगठनों, प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रायपुर कलां के पंच, सरपंच, सभी आमंत्रित अतिथि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



