पांचवें समाधान शिविर में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सुनीं 54 शिकायतें, 17 मामले अब भी लंबित
333 शिकायतों का हो चुका निपटारा, अधिकारियों को शेष समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश
पुनीत महाजन चंडीगढ़, 16 नवंबर।
चंडीगढ़ के लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रविवार को सारंगपुर, धनास, खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू के निवासियों के लिए समाधान शिविर आयोजित किया। इस दौरान प्रशासक ने लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने के सख्त निर्देश दिए।


समाधान शिविर में कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सफाई व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज, पार्किंग, यातायात जाम, ईडब्ल्यूएस मकानों के रखरखाव, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं, सामुदायिक केंद्रों, जमीन व संपत्ति से जुड़े मामले, कैब चालकों की समस्याएं और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे।

इस अवसर पर मेयर सौरभ जोशी, पंजाब के राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह, विभिन्न प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि चंडीगढ़ में अब तक आयोजित पांच समाधान शिविरों में कुल 350 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 333 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। केवल 17 शिकायतें लंबित हैं, जिनमें अधिकतर नीतिगत निर्णयों से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि दड़वा माजरा, हल्लोमाजरा और मलोया में आयोजित पहले तीन शिविरों में प्राप्त लगभग सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। वहीं, मनीमाजरा में प्राप्त 83 शिकायतों में से 76 तथा रामदरबार में प्राप्त 66 शिकायतों में से 56 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है।
कटारिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है और संबंधित विभागों की जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।