डायबिटीज के प्रभावी प्रबंधन के लिए व्यापक एप्रोच आवश्यक: लिवासा अस्पताल, मोहाली
समय पर पहचान, उचित उपचार और जीवनशैली में बदलाव डायबिटीज के प्रभावी प्रबंधन के लिए जरूरी: विशेषज्ञ

मोहली, 13.11.2026

मोहाली : वर्ल्ड डायबिटीज डे की पूर्व संध्या पर लिवासा अस्पताल, मोहाली के सीनियर कंसल्टेंट – फिजिशियन एवं डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. पुनीत कुमार ने कहा कि डायबिटीज को केवल बढ़े हुए ब्लड शुगर स्तर तक सीमित न रखकर एक पुरानी मेटाबोलिक बीमारी के रूप में समझना बेहद जरूरी है। अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के चुपचाप विकसित होने वाला डायबिटीज , विशेष रूप से लंबे समय तक ब्लड ग्लूकोज के अनियंत्रित रहने पर हृदय, किडनी, आंखों और नसों सहित शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकता है।

डायबिटीज के प्रभावी प्रबंधन के लिए केवल ब्लड शुगर की रीडिंग पर ध्यान देने के बजाय एक व्यापक एप्रोच अपनाने की आवश्यकता है।
डॉ. पुनीत ने कहा, “कई लोग वर्षों तक अपनी इस स्थिति से अनजान रहते हैं, क्योंकि शुरुआती लक्षण हल्के होते हैं या आसानी से नजरअंदाज हो जाते हैं। अधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना, अत्यधिक भूख लगना, थकान, धुंधली दृष्टि, घावों का देरी से भरना और बार-बार संक्रमण होना कुछ ऐसे चेतावनी संकेत हैं, जिन्हें बिल्कुल भी अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।”

डायबिटीज से जुड़ी दीर्घकालिक जटिलताओं पर प्रकाश डालते हुए डॉ. कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ा हुआ ब्लड ग्लूकोज स्तर पूरे शरीर की रक्त वाहिकाओं और नसों को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक सहित हृदय संबंधी जटिलताओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।
उन्होंने आगे बताया कि डायबिटीज किडनी की कार्यक्षमता को भी प्रभावित कर सकता है, जिससे क्रोनिक किडनी डिजीज और गंभीर मामलों में किडनी फेलियर तक की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विशेष रूप से पैरों और निचले अंगों की नसों को नुकसान पहुंचने से झुनझुनी, सुन्नपन, जलन और संवेदनशीलता कम होने जैसे लक्षण दिख सकते हैं। खराब रक्त संचार के कारण घाव भरने में देरी होती है, जिससे मामूली कट, छाले या संक्रमण भी गंभीर रूप ले सकते हैं।
समय पर निदान और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर देते हुए डॉ. कुमार ने सलाह दी कि वे चिकित्सीय परामर्श लेने के लिए लक्षणों के प्रकट होने का इंतजार न करें। समय पर चिकित्सीय हस्तक्षेप, नियमित निगरानी, उचित दवाओं, संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधि को शामिल करते हुए एक व्यापक एप्रोच अपनाने से डायबिटीज को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।
समय पर पहचान, उचित उपचार और जीवनशैली में बदलाव डायबिटीज के प्रभावी प्रबंधन के लिए जरूरी: विशेषज्ञ
चंडीगढ़: मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, मोहाली की डायरेक्टर – एंडोक्राइनोलॉजी डॉ. एमी ग्रेवाल ने कहा, “समय पर बीमारी की पहचान, उचित उपचार और जीवनशैली में निरंतर बदलाव अपनाकर डायबिटीज से पीड़ित लोग भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकते हैं।”

डॉ. ग्रेवाल ने बताया कि डायबिटीज मुख्य रूप से तीन प्रकार की होती है – टाइप-1, टाइप-2 और जेस्टेशनल डायबिटीज। इन तीनों के कारण अलग-अलग होते हैं और इनके उपचार एवं प्रबंधन के लिए भी अलग-अलग दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता होती है।
टाइप-1 डायबिटीज तब विकसित होती है, जब शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से पैंक्रियाज की इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं पर हमला करती है। इस स्थिति में इंसुलिन थेरेपी जीवनभर आवश्यक होती है। टाइप-2 डायबिटीज इस बीमारी का सबसे आम प्रकार है। इसमें शरीर इंसुलिन के प्रति प्रतिरोधी हो जाता है या ब्लड ग्लूकोज को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त इंसुलिन का उत्पादन नहीं कर पाता। वहीं, जेस्टेशनल डायबिटीज गर्भावस्था के दौरान विकसित होती है और मां तथा शिशु दोनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इसकी सावधानीपूर्वक निगरानी और उपचार जरूरी होता है।

उन्होंने बताया कि टाइप-2 डायबिटीज धीरे-धीरे विकसित हो सकती है और कई बार इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए जिन लोगों के परिवार में डायबिटीज का इतिहास रहा है, जिनका वजन अधिक है या जिनकी जीवनशैली शारीरिक रूप से निष्क्रिय है, उनके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद महत्वपूर्ण है।
डायबिटीज के व्यापक प्रबंधन के महत्व पर जोर देते हुए डॉ. ग्रेवाल ने कहा कि इसे प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए स्वस्थ खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि, वजन का उचित प्रबंधन और जरूरत के अनुसार दवाओं का सेवन जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधि से शरीर की इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता बेहतर होती है, जबकि डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाएं या इंसुलिन थेरेपी व्यक्ति की जरूरत के अनुसार ब्लड ग्लूकोज के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद करती हैं।
डॉ. ग्रेवाल ने कहा कि डायबिटीज का प्रबंधन केवल ब्लड ग्लूकोज के निर्धारित स्तर को हासिल करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसका उद्देश्य बीमारी से जुड़ी जटिलताओं के समग्र जोखिम को कम करना, लंबे समय तक स्वास्थ्य बनाए रखना और डायबिटीज से पीड़ित लोगों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना होना चाहिए।
