news

चंडीगढ़ के सार्वजनिक स्थलों और सुखना लेक पर नि:शुल्क पेयजल व्यवस्था तुरंत बहाल की जाए : चण्डीगढ़ियन ग्रुप

वर्षों से बंद पड़े वाटर कूलर और प्याऊ को लेकर जताया आक्रोश; प्रशासन और नगर निगम से की तत्काल मरम्मत की मांग

चण्डीगढ़ : शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, मुख्य बाजारों, बस अड्डों और विशेष रूप से सुखना लेक पर नि:शुल्क पेयजल (प्याऊ व वाटर कूलर) की व्यवस्था पूरी तरह ठप होने को लेकर ‘चण्डीगढ़ियन ग्रुप’ ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। ग्रुप के एडमिन राज चड्ढा का कहना है कि वर्षों से बंद पड़े इन वाटर पॉइंट्स के कारण आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रुप के प्रतिनिधियों ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निम्नलिखित प्रमुख मुद्दे रखे हैं:

 

बुनियादी सुविधा का अभाव: चंडीगढ़ देश के सबसे व्यवस्थित और स्मार्ट शहरों में गिना जाता है, लेकिन विडंबना यह है कि यहां आम आदमी को अपनी प्यास बुझाने के लिए भी बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।

सुखना लेक पर पर्यटकों की परेशानी: सुखना लेक पर प्रतिदिन हजारों शहरवासी सैर के लिए और पर्यटक घूमने आते हैं। यहां पेयजल के पॉइंट्स कई वर्षों से बंद पड़े हैं, जिसका सीधा फायदा निजी दुकानदारों को हो रहा है और आम जनता को महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है।

 

टैक्स वसूली, लेकिन सुविधाएं शून्य: प्रशासन द्वारा जनता से प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर सेस और अन्य कई कर वसूले जा रहे हैं, लेकिन बदले में ‘स्वच्छ और नि:शुल्क पेयजल’ जैसी सबसे बुनियादी नागरिक सुविधा भी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है।

नियमित रखरखाव की मांग: पहले की तरह शहर के सभी सेक्टरों की मुख्य मार्केट्स, आईएसबीटी-17 व 43, बड़े पार्कों और पर्यटन स्थलों पर वाटर कूलर व प्याऊ को तुरंत प्रभाव से चालू किया जाए, साथ ही इनकी नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता भी सुनिश्चित की जाए।

 

 

‘चंडीगढ़ियन ग्रुप’ ने नगर निगम आयुक्त और चंडीगढ़ प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए शहर के सभी बंद पड़े वाटर पॉइंट्स की तत्काल मरम्मत करवाकर उन्हें शुरू किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी जेब ढीली न करनी पड़े।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *