रेलवे पुल रामदरबार के पास पुलिस ने महिला नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, 12.04 ग्राम हेरोइन बरामद
सेक्टर-31 थाना पुलिस की विशेष मुहिम के तहत कार्रवाई, आरोपी महिला के कब्जे से मोबाइल फोन और 200 रुपये भी बरामद

पुनीत महाजन। चंडीगढ़, 12 नवंबर।
चंडीगढ़ पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सेक्टर-31 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को 12.04 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान शिल्पी (26) पत्नी हरिओम उर्फ रोटल, निवासी मकान नंबर 2102, फेज-2, रामदरबार, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसपी चंडीगढ़ कंवरदीप कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा एसपी सिटी विजय सिंह, आईपीएस के मार्गदर्शन और एसडीपीओ साउथ गुरजीत कौर की निगरानी में की गई। थाना सेक्टर-31 के एसएचओ इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम नशा तस्करी और अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे एसआई पवन कुमार अपनी टीम के साथ रामदरबार रेलवे पुल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 की तरफ से सफेद और हरे रंग का सूट पहने एक महिला पैदल आती दिखाई दी। पुलिस पार्टी को देखकर महिला अचानक पीछे मुड़कर तेज कदमों से जाने लगी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 12.04 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा एक ओप्पो मोबाइल फोन और 200 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई। बरामद पदार्थ की जांच करने पर उसकी पहचान हेरोइन के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना सेक्टर-31 में एफआईआर नंबर 207, दिनांक 11 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद हेरोइन को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है। आरोपी महिला को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
