रामदरबार में राम परिवार की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास ने की शिरकत
धार्मिक आयोजनों से समाज में बढ़ता है प्रेम, भाईचारा और सद्भावना : कमलेश बनारसी दास

पुनीत महाजन, चंडीगढ़।13 नवंबर
रमदरबार फेस-2 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में राम परिवार की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकाली गई इस कलश यात्रा में चंडीगढ़ की पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के प्रधान विक्की शेरा, चेयरमैन नत्थू राम, जीवन तिवारी, उपाध्यक्ष मंजू दुबे, निर्मला देवी तथा मंदिर की समस्त कार्यकारिणी एवं उनकी टीम के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास ने मंदिर कमेटी के प्रधान विक्की शेरा एवं उनकी पूरी टीम को सफल धार्मिक आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा और आस्था भारतीय संस्कृति की पहचान है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सद्भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। उनके सत्य, मर्यादा, त्याग, सेवा और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाकर एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
अंत में कमलेश बनारसी दास ने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि राम परिवार की प्राण प्रतिष्ठा सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा समस्त देशवासियों पर प्रभु की कृपा बनी रहे।
