news

वेरका दूध के दामों में बढ़ोतरी, 13 नवंबर सुबह से नई कीमतें लागू

फुल क्रीम दूध के एक लीटर पैकेट की कीमत 72 से बढ़कर 76 रुपये हुई, स्टैंडर्ड, टोंड और अन्य वैरायटी के दामों में भी इजाफा

पुनीत महाजन

चंडीगढ़, 12 नवंबर। वेरका ने अपने पैकेट वाले दूध की विभिन्न वैरायटी की कीमतों में संशोधन किया है। नई दरें 13 नवंबर 2026 की सुबह से लागू होंगी। इस संबंध में वेरका की ओर से चंडीगढ़, ट्राइसिटी, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और अन्य संबंधित क्षेत्रों के वितरकों एवं रिटेल चेन आउटलेट्स को सूचना जारी कर दी गई है।

जारी मूल्य सूची के अनुसार, फुल क्रीम दूध के 500 एमएल पैकेट की कीमत 36 रुपये से बढ़ाकर 38 रुपये कर दी गई है, जबकि एक लीटर पैकेट अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये में मिलेगा। स्टैंडर्ड दूध के 500 एमएल पैकेट की कीमत 33 से बढ़ाकर 35 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 65 से बढ़ाकर 69 रुपये कर दी गई है।

इसी तरह टोंड दूध के 500 एमएल पैकेट की कीमत 30 से बढ़ाकर 31 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 59 से बढ़ाकर 61 रुपये कर दी गई है। डबल टोंड दूध के 500 एमएल पैकेट की कीमत 27 से बढ़ाकर 28 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 53 से बढ़ाकर 55 रुपये कर दी गई है।

गाय के दूध के 500 एमएल पैकेट की कीमत 31 से बढ़ाकर 33 रुपये तथा 1.5 लीटर पैक की कीमत 90 से बढ़ाकर 96 रुपये कर दी गई है। स्किम्ड मिल्क के 500 एमएल पैकेट की कीमत 24 से बढ़ाकर 25 रुपये निर्धारित की गई है।

इसके अलावा 1.5 लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 106 से बढ़ाकर 112 रुपये और स्टैंडर्ड दूध की कीमत 96 से बढ़ाकर 102 रुपये कर दी गई है।

हालांकि, डीटीएम के 180 एमएल पैकेट की कीमत 10 रुपये और टीएम के 350 एमएल पैकेट की कीमत 20 रुपये पहले की तरह ही रहेगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बल्क मिल्क की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, वितरकों और रिटेलरों का मार्जिन भी पहले की तरह बरकरार रहेगा।

वेरका प्रबंधन की ओर से सभी वितरकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले रिटेल आउटलेट्स, मिल्क बूथ और मिल्क बार संचालकों को नई कीमतों की जानकारी दें, ताकि 13 नवंबर की सुबह से संशोधित दरों के अनुसार दूध की बिक्री सुनिश्चित की जा सके।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *