टोगन ब्रिज के पास 35.41 ग्राम हेरोइन के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
मलोया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी से नशे की खेप बरामद; अदालत से मिला दो दिन का पुलिस रिमांड
पुनीत महाजन, चंडीगढ़। 15 नवंबर
चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 35.41 ग्राम हेरोइन के साथ एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निखिल पुत्र नवल कुमार, निवासी मकान नंबर 2
308, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, मलोया, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसपी चंडीगढ़ कंवरदीप कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा एसपी सिटी विजय कुमार और एसडीपीओ साउथ-वेस्ट धीरज कुमार के मार्गदर्शन एवं निगरानी में थाना मलोया पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम नशे के खिलाफ अभियान चला रही थी।
इसी दौरान 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे सब-इंस्पेक्टर नरेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। पुलिस टीम ने टोगन ब्रिज के पास टी-प्वाइंट पर एक युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से बिना पाउच के 35.41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के पास नशीले पदार्थ रखने संबंधी कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था।

इस संबंध में थाना मलोया में एफआईआर नंबर 141, दिनांक 14 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र 22 वर्ष है और उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
