जय मां भगवती क्लब देघाट ने जीती क्रिकेट प्रतियोगिता; शहीदों की स्मृति में हुआ आयोजन

जय मां भगवती क्लब देघाट ने जीती क्रिकेट प्रतियोगिता; शहीदों की स्मृति में हुआ आयोजन
चण्डीगढ़ : पौड़ी-गढ़वाल इडियाकोट भ्रातृ संगठन, चण्डीगढ़ द्वारा सेक्टर 56 स्थित क्रिकेट मैदान में प्रधान विक्रम सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता शहीद मंगल सिंह रावत और उनके परिवार की पावन स्मृति में आयोजित की गई थी, जिसमें क्षेत्र की 16 टीमों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
रोमांचक मुकाबले में देघाट की जीत
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें जय मां भगवती क्लब देघाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को संगठन की ओर से 21,000 रुपये नकद और चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता रही ‘यू.के. स्टोकर्स’ की टीम को 11,000 रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को सराहते हुए विशेष पुरस्कार भी दिए गए जिसमें दीपक को मैन ऑफ द सीरीज (1,100 रुपये नकद और ट्रॉफी) चुना गया। इसके अलावा प्रत्येक मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’, ‘बेस्ट बॉलर’ और ‘बेस्ट बैट्समैन’ के खिताब भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नैनीडांडा (उत्तराखंड) से जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत उपस्थित रहे। उनके साथ उत्तराखंड की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रधान और महासचिवों ने भी शिरकत की। गढ़वाल सभा चंडीगढ़ के प्रधान शंकर पंवार भी अपने सभी पदाधिकारियों सहित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य अपनी जड़ों और शहीदों की स्मृतियों को जीवित रखना तथा युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।



