Breaking News
news

इंदिरा कॉलोनी की ग्रीन बेल्ट पार्क में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया छठ महापर्व, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

सभी जाति, धर्म और समुदाय के लोगों ने मिलकर की पूजा-अर्चना, सामाजिक एकता और भाईचारे की दिखी मिसाल : राजबीर सिंह भारतीय

चंडीगढ़, 15.11.2026

पूर्व डिप्टी मेयर विनोद अग्रवाल, नॉमिनेटिड काउंसिलर गीता चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद; पुलिस प्रशासन ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था।

 

मनीमाजरा, चंडीगढ़। लोक आस्था, पवित्रता, त्याग और भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व छठ आज मनीमाजरा के सेक्टर-13 स्थित इंदिरा कॉलोनी की ग्रीन बेल्ट पार्क में बड़ी धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में इलाका निवासी शामिल हुए, जिनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने छठी मईया की पूजा-अर्चना की तथा डूबते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार, समाज और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस धार्मिक आयोजन की विशेष बात यह रही कि इसमें सभी जातियों, धर्मों और समुदायों के लोगों ने आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ सहभागिता की। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। हजारों लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

 

इस मौके पर विशेष तौर पर ऑल इंडिया अम्बेडकर महासभा (रजि.) चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, समाजसेवी एवं चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर विनोद अग्रवाल, नॉमिनेटिड काउंसिलर गीता चौहान, मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सुंदर उर्फ श्यामा, महासचिव शक्ति श्रीवास्तव, कमलेश भारतीय, सरिता शर्मा, अध्यापिका सुदेश शर्मा, समाजसेवी शिलक राम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजबीर सिंह भारतीय अपने परिवार सहित पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर छठी मईया के समक्ष सभी के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के सम्मान, अनुशासन, त्याग, तपस्या, स्वच्छता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इंदिरा कॉलोनी में हजारों लोगों का एक साथ एकत्रित होकर पर्व मनाना भारतीय संस्कृति की उस खूबसूरती को दर्शाता है, जहां धर्म और जाति से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम और भाईचारे को महत्व दिया जाता है। उन्होंने देशवासियों और इलाका वासियों से आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा सभी धर्मों के त्योहारों का सम्मान करने की अपील की।

 

विनोद अग्रवाल, समाजसेवी एवं पूर्व डिप्टी मेयर, चंडीगढ़ नगर निगम ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है। इंदिरा कॉलोनी में हजारों लोगों की सहभागिता और सभी समुदायों का मिल-जुलकर पर्व मनाना सामाजिक एकता एवं भाईचारे की सुंदर मिसाल है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।

 

गीता चौहान, नॉमिनेटिड काउंसिलर ने कहा कि छठ पूजा महिलाओं की श्रद्धा, त्याग, तपस्या और परिवार के प्रति समर्पण का अद्भुत पर्व है। इंदिरा कॉलोनी में इतने बड़े स्तर पर लोगों का एकत्रित होना खुशी की बात है। हमें सभी धर्मों और समुदायों के त्योहारों का सम्मान करते हुए आपसी सद्भाव बनाए रखना चाहिए।

 

श्याम सुंदर उर्फ श्यामा, अध्यक्ष, मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि छठ महापर्व हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रकार के आयोजन सामाजिक मेलजोल बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

 

शक्ति श्रीवास्तव, महासचिव, मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि छठ महापर्व हमें स्वच्छता, अनुशासन, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सहयोग की प्रेरणा देता है। ग्रीन बेल्ट पार्क में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है।

 

पुलिस प्रशासन की रही विशेष व्यवस्था

 

आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) नीरज सरना तथा थाना प्रभारी (एसएचओ) मिनी भारद्वाज अपने पूरे पुलिस अमले के साथ मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।

 

अंत में राजबीर सिंह भारतीय ने सभी श्रद्धालुओं, गणमान्य व्यक्तियों तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कामना की कि छठी मईया एवं भगवान सूर्य देव सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें।

 

जय छठी मईया! जय सूर्य देव!

 

जारीकर्ता

 

राजबीर सिंह भारतीय

 

अध्यक्ष ऑल इंडिया अम्बेडकर महासभा रजि चंडीगढ़ प्रदेश

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *