news

खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ (सीजन-4) के तहत जिला स्तरीय खेलों का आगाज

विधायक कुलवंत सिंह और कुलजीत सिंह रंधावा ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन

पंजाब की युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिए ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ सरकार की प्रमुख पहल: विधायक

 

साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 2 अक्टूबर:

 

‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ (सीजन-4) के तहत साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में जिला स्तरीय खेलों का आज शानदार आगाज हुआ। मोहाली के सेक्टर-78 स्थित खेल परिसर में विधायक मोहाली श्री कुलवंत सिंह और विधायक डेराबस्सी श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने संयुक्त रूप से इन खेलों का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायकों ने कहा कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ पंजाब की युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए पंजाब सरकार की प्रमुख पहल है। उन्होंने कहा कि इन खेलों ने प्रदेश के खिलाड़ियों को जिला एवं प्रदेश स्तर से आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान किया है।

 

विधायक मोहाली श्री कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पंजाब के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ का मंच बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन खेलों में अंडर-14 वर्ग से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं तथा विजेता खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं।

 

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को तैयारी के लिए राशि उपलब्ध करवाने की पहल भी की गई है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को उच्च सरकारी पदों पर नौकरियां देने की नीति भी लागू की जा रही है।

 

विधायक डेराबस्सी श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ बेहतर सड़क ढांचा विकसित करने और खेलों के लिए उचित बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में 3100 से अधिक ग्रामीण खेल मैदान बनाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाया जा सके और वे नशे से दूर रहकर खेलों के क्षेत्र में पंजाब का नाम रोशन कर सकें।

 

जिला स्तरीय ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के मुकाबले 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक जिले में निर्धारित विभिन्न खेल स्थलों पर करवाए जाएंगे। इन खेलों के दौरान क्रिकेट, शूटिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी सर्कल स्टाइल, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कुश्ती, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, रोलर स्केटिंग, फेंसिंग, जूडो, टेबल टेनिस, वालीबॉल शूटिंग/वालीबॉल स्मैशिंग, बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग, तैराकी, गतका, शतरंज, हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, लॉन टेनिस और वेटलिफ्टिंग के मुकाबले करवाए जाएंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान जिम्नास्टिक और गतका टीमों के खिलाड़ियों द्वारा अपनी-अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर लिंधिया ए.एन., आई.ए.एस. (अंडर ट्रेनिंग), जिला खेल अधिकारी श्रीमती उमेश्वरी शर्मा, श्री कुलदीप सिंह समाना, वरिष्ठ डिप्टी मेयर श्री राजिंदर प्रसाद शर्मा, डिप्टी मेयर श्री हरपाल सिंह चन्ना सहित बड़ी संख्या में नेता, खेल प्रेमी, खिलाड़ी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

 

विधायकों ने सभी खेल प्रेमियों, स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर उनका हौसला बढ़ाएं।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *