सेक्टर-48 वाली रामलीला इस बार होगी सेक्टर-51 में वैदिक परंपरा, आधुनिक नाट्य कला और ए.आई. का दिखेगा अद्भुत संगम

4 सितंबर 2026

सेक्टर-48 वाली रामलीला इस बार होगी सेक्टर-51 में
वैदिक परंपरा, आधुनिक नाट्य कला और ए.आई. का दिखेगा अद्भुत संगम
जय श्री रामलीला मंच (रजि.), चंडीगढ़ द्वारा आज सेक्टर 17 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें मंच के चेयरमैन श्री हरमोहींदर सिंह लक्की; सलाहकार श्री राजीव मोदगिल और चंडीगढ़ की पूर्व डिप्टी मेयर श्रीमती तरुणा मेहता एवं पार्षद श्रीमती प्रेमलता भी उपस्थित रहे।
मंच के प्रधान श्री विकास सोनी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मंच द्वारा विगत में सेक्टर-48 में भव्य रामलीला का आयोजन किया जाता था। किन्तु इस बार चंडीगढ़ निवासियों को सेक्टर-51 (कस्टम एवं सेंट्रल एक्साइज सोसाइटी के सामने वाले मैदान में) में रामलीला का एक नया और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार की रामलीला भी चंडीगढ़ शहर के दिग्गज निर्देशक श्री प्रदीप कुमार जी के मार्गदर्शन में होगी। चंडीगढ़ में रामलीला के पितामह के नाम से विख्यात श्री प्रदीप जी को रामलीला में निर्देशन और अभिनय का 48 वर्ष का अनुभव है और उन्होंने स्वयं 34 वर्षों तक रामलीला में रावण का किरदार निभाया है। और अब आप उनके सुपुत्र श्री मोहित को पिता-पुत्र चिंहों का अनुसरण करते हुए रंगमंच पर लंकापति रावण की ओजस्वी भूमिका में देखेंगे। श्री मोहित को शहर में श्रेष्ठ रावण के रूप में 5 बार पुरस्कृत किया जा चुका है।

इस अवसर पर मंच के महासचिव श्री अमित सूरी ने सेक्टर-51 में की जाने वाली रामलीला के स्वरूप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार की रामलीला पारंपरिक वैदिक रामलीला के साथ-साथ आधुनिक नाट्य कला से सजी हुई होगी। इसमें अत्याधुनिक लाइट एवं साउंड और ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ तकनीक के माध्यम से दर्शकों को प्रभु श्री राम के जीवन से जुड़े अद्भुत और मनमोहक दृश्य दिखाए जाएंगे और इसके लिए हमारे साथ रहेंगे मंच आर्ट्स एवं थिएटर सोसाइटी से निर्देशक श्री हीरा सिंह और उनकी टीम।
जय श्री रामलीला मंच एक ऐसी संस्था है जो न केवल सनातन परंपराओं को संजोए रखे हुए है और अपनी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुंचा रही है, अपितु यह संस्था सामाजिक कार्यों में भी पूर्णतः संलग्न है।
यह मंच समस्त शहर वासियों का सेक्टर-51 में 10 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही रामलीला और 20 अक्टूबर 2026 को विशाल दशहरा समारोह में हार्दिक स्वागत करता है।



