हिमाचल महासभा चंडीगढ़ की मासिक बैठक संपन्न, अध्यक्ष ने स्वास्थ्य कारणों से रमेश सहोड़ को कार्यभार सौंपने का किया ऐलान

हिमाचल महासभा चंडीगढ़ की मासिक बैठक संपन्न, अध्यक्ष ने स्वास्थ्य कारणों से रमेश सहोड़ को कार्यभार सौंपने का किया ऐलान
चण्डीगढ़ : हिमाचल महासभा, चण्डीगढ़ की मासिक बैठक रविवार को सेक्टर-42 स्थित सामुदायिक केंद्र में महासभा के अध्यक्ष Prithi Singh Prajapati की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान हाल ही में आयोजित हिमाचल दिवस, वार्षिक समारोह तथा विक्रमी संवत के उपलक्ष्य में जारी किए गए महासभा के कैलेंडर के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
कार्यकारिणी सदस्यों ने कार्यक्रम के आयोजन की समीक्षा करते हुए एक-एक कर अपनी राय रखी और आयोजन के दौरान सामने आई कमियों पर चर्चा की। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए गए। सभी सदस्यों ने आगामी आयोजनों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में एक भावुक क्षण तब आया जब अध्यक्ष ने अपने स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से वे अस्वस्थ चल रहे हैं और चिकित्सकों ने उन्हें अधिक आराम करने की सलाह दी है। इस कारण उन्होंने संगठन के कार्यों के लिए कार्यकारिणी में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
अध्यक्ष ने घोषणा की कि उनकी अनुपस्थिति में महासभा के पूर्व महासचिव एवं वर्तमान उपप्रधान रमेश सहोड़ महासभा का कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से इस निर्णय को स्वीकार करने का अनुरोध किया।
बैठक में उपस्थित किसी भी सदस्य ने इस निर्णय पर आपत्ति नहीं जताई। सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने अध्यक्ष के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए भविष्य में पुनः उनके मार्गदर्शन की उम्मीद जताई।



