news

शहर की विभिन्न पार्किंग स्थलों पर सवारी को पिक-एंड-ड्रॉप करने के दौरान 28 रुपये पार्किंग शुल्क वसूले जाने के फैसले से ऑटो और कैब चालकों में भारी नाराजगी

चंडीगढ़: शहर की विभिन्न पार्किंग स्थलों पर सवारी को पिक-एंड-ड्रॉप करने के दौरान 28 रुपये पार्किंग शुल्क वसूले जाने के फैसले से ऑटो और कैब चालकों में भारी नाराजगी है। इस मुद्दे को लेकर ऑटो-कैब यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार को चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और शुल्क को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।

यूनियन अध्यक्ष ने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों के रिकॉर्ड में कभी भी ऑटो और कैब चालकों से पिक-एंड-ड्रॉप के लिए पार्किंग शुल्क नहीं लिया गया। चाहे पार्किंग व्यवस्था निजी ठेकेदार के पास रही हो या प्रशासन के अधीन, सवारी को उतारने और बैठाने की सुविधा हमेशा निशुल्क रही है। उनका कहना है कि अब जबकि पार्किंग व्यवस्था चंडीगढ़ नगर निगम के नियंत्रण में है, तो चालकों को सुविधा देने के बजाय उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

चालकों का तर्क है कि 28 रुपये प्रति एंट्री का शुल्क उनकी रोजमर्रा की कमाई पर सीधा असर डाल रहा है। दिनभर में कई बार पिक-एंड-ड्रॉप करने वाले ड्राइवरों के लिए यह राशि काफी अधिक हो जाती है, जिससे उनकी आय में कटौती हो रही है। कई ड्राइवरों ने इसे अनुचित और अन्यायपूर्ण निर्णय बताया है।

ड्राइवरों को मेयर का भरोसा, जल्द समाधान के लिए बैठक बुलाने की घोषणा

मेयर सौरभ जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऑटो और कैब चालकों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पिक-एंड-ड्रॉप को पार्किंग परिसर में निशुल्क करने पर चर्चा होगी। मेयर ने ड्राइवर समुदाय से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

मांगें न मानी गईं तो हड़ताल की चेतावनी

वहीं, यूनियन अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। हड़ताल की स्थिति में शहर की आम जनता, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *