यात्री गाड़ी संख्या 64563/64564 के रोज प्रतिदिन देर से संचालित होने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी

यात्री गाड़ी संख्या 64563/64564 के रोज प्रतिदिन देर से संचालित होने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी
अंबाला मंडल के डीआरएम से हल निकालने व सायं साढ़े 6 बजे के आसपास अतिरिक्त ट्रेन चलाने की मांग की
चण्डीगढ़ से अंबाला की दूरी लगभग एक घंटे की है, परंतु यात्रियों को अपने गंतव्य पहुँचने में लगभग 3 घंटे तक का समय लग रहा है
चण्डीगढ़ : अंब-अंदौरा (हिमाचल प्रदेश) से अंबाला छावनी मेमू तक चलने वाली पैसेंजर ट्रैन नं 64563/64564 के रूट का रायपुर (हिसार) तक विस्तार किया गया है, तब से ये पैसेंजर ट्रेन रोजाना देरी से पहुंच रही हैं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी अम्बाला से चण्डीगढ़ के रोजाना यात्रिणों को उठानी पड़ रही है। कामकाजी यात्री अपने काम पर रोज देरी से पहुँचते हैं, जिससे उन्हें रोजगार चले जाने का खतरा पैदा हो गया है। इससे यात्रियों में रेलवे विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी रोष है। यात्रियों ने बताया कि कुछ समय पहले उत्तर रेलवे व अंबाला मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 64563-64564 अंबाला छावनी- अंब अंदौरा- अंबाला छावनी वाया चंडीगढ़ जंक्शन पैसेंजर रेलगाड़ी का विस्तार हरियाणा के हिसार जिला तक किया गया था, लेकिन अब ये विस्तार यात्रियों के लिए परेशानी बन चुका है।
उल्लेखनीय है कि लगभग 700 से 900 दैनिक यात्री इस ट्रेन से प्रतिदिन यात्रा करते हैं और अपने कार्यालयों एवं अन्य कार्यस्थलों तक पहुँचते हैं। ट्रेन के लगातार विलम्ब से आने के कारण अधिकांश यात्री प्रातः समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुँच पाते हैं तथा शाम को वापस लौटते समय भी उन्हें लगभग 2 घंटे की देरी का सामना करना पड़ता है। इससे यात्रियों को पेशेवर कठिनाइयों एवं अनावश्यक दैनिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। चंडीगढ़ से अंबाला की दूरी लगभग एक घंटे की है, परंतु वर्तमान स्थिति में दैनिक यात्रियों को अपने गंतव्य पहुँचने में लगभग 3 घंटे तक का समय लग रहा है।
दैनिक यात्रियों मनीष, मनोज बत्रा, संजीव तिवारी आदि ने अंबाला मंडल के डीआरएम से अनुरोध किया है कि इस समस्या पर शीघ्र ध्यान देकर आवश्यक कार्यवाही करें, ताकि गाड़ी का संचालन समयानुसार सुनिश्चित किया जा सके और यात्रियों को राहत मिल सके। साथ ही सायं लगभग 6:30 बजे के आसपास एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने की भी व्यवस्था करने की भी मांग की है।



