मोटर मार्केट मनीमाजरा में अवैध गतिविधियां बढ़ीं, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं: रामेश्वर गिरी

चंडीगढ़/18.6.26
मोटर मार्केट मनीमाजरा में अवैध गतिविधियां बढ़ीं, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं: रामेश्वर गिरी

मनीमाजरा : मोटर मार्केट मनीमाजरा में सरकारी भूमि पर चल रही कथित अवैध पेंटिंग, वेल्डिंग और मैकेनिक गतिविधियों को लेकर समाजसेवी रमेश्वर गिरी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में एक हजार से अधिक लोग खुले में विभिन्न कार्य कर रहे हैं, जिससे प्रदूषण फैल रहा है और सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है।
रमेश्वर गिरी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने चंडीगढ़ के प्रशासक तथा नगर निगम आयुक्त को कई शिकायतें भेजीं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बाद स्थिति में सुधार होने के बजाय और अधिक पेंटर तथा मैकेनिक क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। सरकारी ट्यूबवेल के आसपास तथा ट्रक बॉडी निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्यों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
गिरी ने सवाल उठाया कि आखिर इतने बड़े स्तर पर काम कर रहे लोग कौन हैं और किसके संरक्षण में सरकारी जमीन का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि कहीं किसी प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति या निगम के किसी अधिकारी की शह पर तो यह सब नहीं चल रहा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती है तो इससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।



