भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर्व पर श्री ब्राह्मण सभा द्वारा त्रिदिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ वैदिक गणेश पूजन एवं हवन यज्ञ से
मुख्य अतिथि महापौर ने किया सभा के सनातनी कैलेंडर का विमोचन


चण्डीगढ़ : भगवान परशुराम भवन, सैक्टर 37 में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर्व पर श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ द्वारा त्रिदिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक गणेश पूजन एवं हवन यज्ञ से किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित देवी प्रसाद पैन्यूली ने पौराणिक विधि विधान से वेद मंत्रों द्वारा सामूहिक यज्ञ करवाया। मुख्य यजमान की भूमिका सभा के प्रधान यशपाल तिवारी ने सपत्नीक निभाई। सभा के अन्य पदाधिकारी भी यज्ञ आयोजन में सम्मिलित हुए।
यज्ञ के उपरांत महिला संकीर्तन मंडली द्वारा श्री सुंदरकांड जी का पाठ बड़ी श्रद्धा पूर्वक किया गया। आज के मुख्य अतिथि महापौर सौरभ जोशी ने अपने उद्बोधन में भाव व्यक्त करते हुए कहा कि श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ और भगवान परशुराम भवन से हमेशा उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को भगवान परशुराम जन्मोत्सव तथा अक्षय तृतीया की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उनके करकमलों द्वारा कई विशेष विभूतियों को सम्मानित किया गया। हिंदू नव वर्ष के आगमन पर श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ द्वारा सनातनी कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ के अध्यक्ष तथा अखिल भारत ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महासचिव यशपाल तिवारी ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य विभूतियों एवं आए हुए श्रद्धालु भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार १८ अप्रैल को शाम ४ बजे भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। त्रिदिवसीय कार्यक्रम के तीनों दिन भोजन प्रसाद की व्यवस्था सभा द्वारा की गई है।



