पुरुषोत्तम मास समापन पर प्राचीन श्री हनुमान मंदिर दीपों की दिव्य आभा से हुआ आलोकित

पुरुषोत्तम मास समापन पर प्राचीन श्री हनुमान मंदिर दीपों की दिव्य आभा से हुआ आलोकित
चंडीगढ़, 15 जून। पुरुषोत्तम मास के पावन समापन अवसर पर हैलोमाजरा स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर हजारों दीपों की मनोहारी ज्योति से जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन श्री हनुमान जी के दर्शन किए तथा विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। दीपों की दिव्य आभा और भजन-कीर्तन के बीच भक्त प्रभु भक्ति में भाव-विभोर नजर आए।
मंदिर कमेटी के प्रधान विजय गोयल ने कहा कि पुरुषोत्तम मास सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है। इस मास के समापन पर आयोजित दीपोत्सव केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे माह किए गए जप, तप, दान, व्रत और भक्ति को प्रभु चरणों में समर्पित करने का दिव्य अवसर है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
मंदिर समिति के मार्गदर्शन एवं सहयोग से मंदिर परिसर को भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों की कतारों से सजा मंदिर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे परिवार के साथ आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया तथा भगवान श्रीराम और हनुमान जी से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर धर्म, सेवा और भक्ति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।



