जानवरों को इंसानों की नहीं बल्कि इंसानों को जानवरों की जरूरत है, इसलिए पशुओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना जरूरी : डॉ. जेसी कोछड़, पूर्व डायरेक्टर, वेटरनरी, चण्डीगढ़ प्रशासन

जानवरों को इंसानों की नहीं बल्कि इंसानों को जानवरों की जरूरत है, इसलिए पशुओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना जरूरी : डॉ. जेसी कोछड़, पूर्व डायरेक्टर, वेटरनरी, चण्डीगढ़ प्रशासन
विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर कार्यक्रम किया आयोजित
चण्डीगढ़ : प्रति वर्ष अप्रैल के अंतिम शनिवार को मनाए जाने वाले विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर चण्डीगढ़ प्रशासन के पूर्व डायरेक्टर, वेटरनरी डॉ. जेसी कोछड़ द्वारा अपने अस्पताल पेट मार्ट में एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे डॉक्टरों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा सेवा केवल पेशा नहीं, बल्कि सेवा भाव से जुड़ा कार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि जानवरों को इंसानों की जरूरत नहीं, लेकिन इंसानों को जानवरों की जरूरत है, इसलिए पशुओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है।

डॉ. कोछड़ ने बताया कि कई पशु-पक्षी प्रजातियां आज विलुप्ति के कगार पर हैं, जिन्हें बचाने में पशु चिकित्सकों की अहम भूमिका है। उन्होंने जोर दिया कि पशु चिकित्सक न केवल पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल करते हैं, बल्कि जूनोटिक रोगों की रोकथाम के माध्यम से मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम के दौरान पशु चिकित्सा के इतिहास और महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विश्व पशु चिकित्सा संघ द्वारा वर्ष 2000 में शुरू किए गए इस दिवस का उद्देश्य पशु चिकित्सकों के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अंत में डॉ. कोछड़ ने युवा डॉक्टरों को संदेश दिया कि यदि वे पशुओं की सेवा करना चाहते हैं, तो उन्हें अपने भीतर सेवा भावना और समर्पण विकसित करना होगा। इस अवसर पर केक भी काटा।



