news
चंडीगढ़ की लेजर वैली में दौड़ाई थी कार: अब वहीं करनी होगी सफाई

चंडीगढ़ सेक्टर-10 के लेजर वैली में वॉकिंग ट्रैक पर कार दौड़ाने के मामले में आरोपी को सीजेएम कोर्ट ने कम्युनिटी सर्विस की सजा सुनाई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई थी और कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया था।
वीडियो के आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने कार नंबर की पहचान कर करीब 16 हजार रुपये का चालान काटा। गाड़ी मोहाली का साहिल काैशल चला रहा था।
कोर्ट ने साहिल पर डेंजरस ड्राइविंग के लिए 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही चार दिन तक लेजर वैली में साफ सफाई का आदेश दिया है। ये आदेश निगम कमिश्नर को भेजे गए हैं। निगम हर रोज साहिल की उपस्थिति दर्ज करेगा। सजा पूरी होने के बाद निगम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट जमा करवाएगा।



