इंदिरा कॉलोनी की खस्ताहाल सड़कों पर फूटा जन-आक्रोश; चंडीगढ़ प्रशासक को ज्ञापन सौंप कर ध्यान देने की मांग की

इंदिरा कॉलोनी की खस्ताहाल सड़कों पर फूटा जन-आक्रोश; चंडीगढ़ प्रशासक को ज्ञापन सौंप कर ध्यान देने की मांग की
मनीमाजरा : मनीमाजरा ई.डब्ल्यू.एस. रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकृत) ने इंदिरा कॉलोनी वार्ड नंबर 4 की आंतरिक सड़कों की दयनीय और जानलेवा स्थिति को लेकर प्रशासन के खिलाफ निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। वर्षों की उपेक्षा से तंग आकर एसोसिएशन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, प्रधान श्याम सुंदर एवं चेयरमैन सुभाष धीमान ने रोष जताते हुए कहा कि इंदिरा कॉलोनी की आंतरिक सड़कें पिछले 4 वर्षों से खंडहर बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल बुनियादी ढांचे की विफलता नहीं, बल्कि प्रशासन की घोर संवेदनहीनता का प्रमाण है। सड़कों के गहरे गड्ढे राहगीरों, विशेषकर बुजुर्गों और मासूम बच्चों के लिए डेथ ट्रैप बन चुके हैं। आए दिन होने वाले हादसों के बावजूद नगर निगम और प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है।
वार्ड नंबर 4 की आक्रोशित जनता की ओर से सवाल उठाते हुए पदाधिकारियों ने सीधे तौर पर मेयर और निगम अधिकारियों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे करने वाले प्रतिनिधि आज जनता की इस पीड़ा से अनभिज्ञ हैं। प्रशासन भी किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है। टैक्स भरने वाली जनता को इस नरकीय जीवन जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
एसोसिएशन ने अपनी शिकायत में इस बात पर विशेष जोर दिया कि मानसून के आगमन के साथ ये गड्ढे पानी से भर जाएंगे, जिससे स्थिति और भी जानलेवा हो जाएगी। जलभराव के कारण घरों के ठीक सामने गंदगी जमा होगी, जिससे गंभीर बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। बार-बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कार्रवाई के नाम पर केवल शून्य ही मिला है।
आरडब्ल्यूए ने चंडीगढ़ के प्रशासक से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं इस मामले का संज्ञान लें और नगर निगम के अधिकारियों को अविलंब पुनर्निर्माण के कड़े निर्देश जारी करें। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब स्थानीय निवासियों का धैर्य जवाब दे रहा है। यदि जल्द ही सड़कों का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कॉलोनी की जनता अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अगला जरूरी कदम उठाने को विवश होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अलावा शिलक राम, मेघराज, अजु, कंचन, पंडित, मदन सहित भारी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।



