GMSSS करसान के प्राइमरी विंग में सजी बाल संसद, नन्हे विद्यार्थियों ने संभाली लोकतंत्र की कमान
बच्चों ने विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाकर दिखाई नेतृत्व क्षमता; लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश


(पुनीत महाजन)
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर।
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (GMSSS), करसान, रामदरबार, चंडीगढ़ के प्राइमरी विंग में बाल संसद गतिविधि का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लेते हुए बाल संसद की विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसद की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार नागरिक होने के महत्व से रूबरू करवाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारियों का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य में नेतृत्व करने की क्षमता विकसित होती है।

यह गतिविधि प्राइमरी विंग इंचार्ज मलविंदर सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
बाल संसद की इस गतिविधि ने बच्चों को लोकतंत्र की बुनियादी समझ देने के साथ-साथ यह संदेश भी दिया कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की शुरुआत बचपन से ही होती है।



