news

चंडीगढ़ सेक्टर-51 में जय श्री रामलीला मंच की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जय श्री राम के जयकारों के बीच हुआ रावण दहन

Rakesh Sharma/tricitinews.com

चंडीगढ़, 22 अक्टूबर 2026।

सेक्टर-51 स्थित रामलीला ग्राउंड में जय श्री रामलीला मंच द्वारा विजयदशमी के पावन अवसर पर भव्य दशहरा उत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और वीर हनुमान की आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के स्वरूप भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

अजंता एन्क्लेव से निकली भव्य शोभायात्रा

विजयदशमी उत्सव की शुरुआत अजंता एन्क्लेव सोसाइटी से हुई, जहां से भगवान श्रीराम, माता सीता और वीर हनुमान की मनमोहक झांकियों के साथ रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के स्वरूपों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अजंता एन्क्लेव के निवासियों ने शोभायात्रा का गर्मजोशी और श्रद्धाभाव के साथ स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा विभिन्न सोसाइटियों से होते हुए सेंट्रल कस्टम एंड एक्साइज सोसाइटी पहुंची। यहां भी स्थानीय निवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ झांकियों का स्वागत किया।

शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। आकर्षक झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद शोभायात्रा सेक्टर-51 स्थित मुख्य रामलीला ग्राउंड पहुंची, जहां दशहरा उत्सव के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

रावण दहन देखने उमड़ा जनसैलाब

रामलीला ग्राउंड में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम को देखने के लिए सेक्टर-51 सहित आसपास के विभिन्न सेक्टरों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भगवान श्रीराम द्वारा रावण के पुतले का दहन किए जाने के साथ ही पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।

रामलीला कलाकारों को किया सम्मानित

रावण दहन के बाद जय श्री रामलीला मंच की समिति की ओर से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि और स्थानीय पार्षदों की गरिमामयी उपस्थिति में रामलीला के सभी कलाकारों को उनकी शानदार प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा और अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत बनाकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।

प्रशासन और पुलिस का जताया आभार

कार्यक्रम के सफल समापन पर जय श्री रामलीला मंच की प्रबंधन समिति ने आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन, स्थानीय सेक्टर पुलिस के एसएचओ और उनकी पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। समिति ने शोभायात्रा और दशहरा उत्सव को सफल बनाने में योगदान देने वाली सभी सोसाइटियों के निवासियों, श्रद्धालुओं और दर्शकों का भी धन्यवाद किया।

जय श्री रामलीला मंच की ओर से आयोजित इस भव्य उत्सव ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *