आरएचएसएस) की महिला पदाधिकारियों ने किसानों को रक्षा सूत्र पहना कर मनाया रक्षा बंधन का त्यौहार

आरएचएसएस की महिला पदाधिकारियों ने किसानों को रक्षा सूत्र पहना कर मनाया रक्षा बंधन का त्यौहार

चण्डीगढ़ : राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन (आरएचएसएस) की महिला पदाधिकारियों ने देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चण्डीगढ़ किसान मंडी के किसान भाइयों को राखी बांध कर रक्षा बंधन का त्यौहार मनाया। संगठन की पदाधिकारियों ने इस पावन पर्व पर किसान भाइयों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा।
संगठन की अध्यक्ष मोनिका भारद्वाज ने कहा कि किसान भाइयों का भारतीय अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण योगदान है। उन्हें ‘अन्नदाता’ कहा जाता है क्योंकि वे देश के करोड़ों लोगों का पेट भरते हैं।

इस अवसर पर महिलाओं ने ईश्वर से किसान भाइयों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और तरक्की की प्रार्थना की। रक्षा सूत्र बांधने के इस कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष रमन चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष सुनीता, मीडिया प्रभारी ज्योति और उपाध्यक्ष पूनम वर्मा सहित अन्य महिला पदाधिकारी शामिल हुईं। महिला पदाधिकारियों द्वारा रक्षा सूत्र बांधे जाने पर किसान भाइयों ने अपनी बहनों से उपहार लेने का आग्रह किया। इस पर संगठन की पदाधिकारियों ने वह भेंट किसी जरूरतमंद को देने की विनती की और इस सम्मान के लिए किसान भाइयों का धन्यवाद किया। इस आत्मीय मिलन से प्रभावित होकर किसान भाइयों ने संगठन के साथ जुड़ने की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जब भी संगठन को उनकी जरूरत होगी, वे हमेशा संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।




