news

चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कृष्णलाल का भाजपा पर हमला, शहर की बदहाली के लिए मांगा जवाब

चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कृष्णलाल का भाजपा पर हमला, शहर की बदहाली के लिए मांगा जवाब

चण्डीगढ़ : स्थानीय प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कृष्णलाल ने कहा कि चण्डीगढ़ जिसे कभी सिटी ब्यूटीफुल और देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाता था, आज गंदगी और अव्यवस्था का शिकार हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पिछले दस वर्षों के शासन और पूर्व सांसद किरण खेर के कार्यकाल में शहर का समुचित विकास नहीं हो सका, जिसके कारण चंडीगढ़ की पहचान और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

 

कृष्णलाल ने कहा कि जो शहर कभी कानून-व्यवस्था के मामले में देश के सबसे सुरक्षित शहरों में माना जाता था, वहां आज आए दिन गोलीबारी और आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति जंगलराज जैसी बन गई है।

 

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ कभी स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों में गिना जाता था, लेकिन पिछले दस वर्षों में न तो कोई नया सरकारी कॉलेज खोला गया और न ही कोई बड़ा अस्पताल स्थापित किया गया। अस्पतालों में डॉक्टरों और स्कूलों-कॉलेजों में शिक्षकों के अनेक पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार ने उन्हें भरने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

 

कृष्णलाल ने कहा कि भाजपा शासन में व्यापारी, मजदूर, कर्मचारी और आम नागरिक सभी परेशान हैं। महंगाई ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है, जबकि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल पूरा होने पर उत्सव मनाने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को शहर की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांसद श्री मनीष तिवारी से दो वर्षों का हिसाब मांग रहे हैं, जबकि अपने दस वर्षों के कार्यकाल का हिसाब देने में असफल हैं।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद के कार्यकाल में शहर में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ। इसके विपरीत, मेट्रो परियोजना और फ्लाईओवर जैसी महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का भी विरोध किया गया, जिससे शहर के विकास को नुकसान पहुंचा।

 

कृष्णलाल ने कहा कि यदि भाजपा को हिसाब मांगना ही है तो उसे राम मंदिर निर्माण में सामने आए कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेता इस विषय पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं, जबकि उन्होंने भी मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने में भूमिका निभाई थी।

 

उन्होंने कहा कि सांसद श्री मनीष तिवारी एक साफ-सुथरी छवि, उच्च शिक्षा और लंबे राजनीतिक अनुभव वाले राष्ट्रीय नेता हैं। उनकी ईमानदारी, स्पष्टवादिता और जनहित के मुद्दों के प्रति प्रतिबद्धता के कारण उन्हें देश और विदेश में सम्मान प्राप्त है। केंद्र सरकार भी विभिन्न अवसरों पर उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनती रही है।

 

कृष्णलाल ने कहा कि अपने दो वर्षों के कार्यकाल में श्री मनीष तिवारी ने संसद में चंडीगढ़ से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं, जिनमें मलिकाना हक, गांवों में लाल डोरा, फ्लोर-वाइज रजिस्ट्री, हाउसिंग बोर्ड के निवासियों की समस्याएं तथा अन्य जनहित के विषय शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन मुद्दों पर लोगों को गुमराह करती रही, लेकिन संसद में इन विषयों को उठाकर मनीष तिवारी ने भाजपा के दावों की वास्तविकता उजागर की है।

 

उन्होंने कहा कि इसी कारण भाजपा नेता बौखलाहट में मनीष तिवारी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। मात्र दो वर्षों में अपनी साफ छवि, सक्रिय कार्यशैली और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के कारण श्री मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ की जनता के दिलों में विशेष स्थान बनाया है।

 

कृष्णलाल ने कहा कि मनीष तिवारी को भाजपा से किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। वे जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और निरंतर जनता के बीच रहकर उनके हितों के लिए कार्य कर रहे हैं। चंडीगढ़ की जनता ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वे उस विश्वास पर पूरी तरह खरे उतरने का प्रयास कर रहे हैं।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *