सीएससीए के बुक लवर्स फोरम की बैठक में पुस्तक चर्चा, कविता और गीतों की शानदार प्रस्तुति

सीएससीए के बुक लवर्स फोरम की बैठक में पुस्तक चर्चा, कविता और गीतों की शानदार प्रस्तुति

चण्डीगढ़ : चण्डीगढ़ सीनियर सिटिज़न्स एसोसिएशन (सीएससीए) की बुक लवर्स फोरम की मासिक बैठक करुणा सदन, सेक्टर-11 में आयोजित हुई जिसमें कवि डॉ. विनोद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक कवि प्रेम विज द्वारा प्रस्तुत ग़ज़ल “नए रास्ते पर चलकर देखते हैं, बिना सहारे के चलकर देखते हैं” से हुआ। इसके पश्चात प्रसिद्ध गायक एवं संगीतज्ञ सोमेश गुप्त ने पंजाबी के सुप्रसिद्ध कवि शिव कुमार बटालवी के गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ने भी अपने गीत से श्रोताओं की भरपूर प्रशंसा अर्जित की।
कार्यक्रम के दौरान राकेश वर्मा ने अभिनेता कबीर बेदी की पुस्तक ‘स्टोरी आई मस्ट टेल’ पर जानकारी साझा की। विभिन्न सदस्यों ने गीत, ग़ज़ल और कविताओं की प्रस्तुतियां देकर माहौल को साहित्यिक और संगीतमय बना दिया। मुख्य अतिथि डॉ. विनोद शर्मा ने अपनी कविताओं का पाठ करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। अंत में एसोसिएशन के महासचिव ओम प्रकाश कटारिया ने भी अपनी कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया।




