जल संसाधन दिवस पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से किया जन जागरण

जल संसाधन दिवस पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से किया जन जागरण

चण्डीगढ़ : महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, एमडीएवी भवन, दरिया द्वारा जल संसाधन दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण विभाग, चण्डीगढ़ प्रशासन के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दरिया गांव की डिस्पेंसरी के समीप प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि जल पृथ्वी पर सभी जीवों के जीवन के लिए अनिवार्य है, किन्तु स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता निरंतर घटती जा रही है। उन्होंने सूखा प्रभावित क्षेत्रों में जल संकट की समस्या को भी उजागर किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने पानी के अनावश्यक बहाव को रोकने, जलाशयों में कूड़ा-कचरा न डालने तथा जल प्रदूषण को नियंत्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि जल के अभाव में हर वर्ष अनेक मनुष्य और जीव-जंतु प्रभावित होते हैं। कार्यक्रम में वन संरक्षण और पौधारोपण के महत्व को भी रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि पेड़-पौधे जल को शुद्ध रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा बढ़ती जनसंख्या के कारण जल संकट और गंभीर होता जा रहा है। छात्रों ने वेस्ट वाटर के पुनः उपयोग के व्यावहारिक तरीके भी प्रस्तुत किए, जिससे जल संरक्षण को दैनिक जीवन में अपनाया जा सके। स्कूल की वाइस प्रिंसिपल अंजू मोदगिल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत की प्रशंसा की। प्रिंसिपल डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना था।




