पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए संकल्प ले युवा शक्ति : डॉ कृष्ण गोपाल

पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए संकल्प ले युवा शक्ति : डॉ कृष्ण गोपाल
जो सड़क पर कूड़ा फेंक रहे हैं, उनकी देशभक्ति पर हमें संदेह है
चण्डीगढ़ : भगत सिंह विवेकानंद विचार मंच की ओर से युवा सम्मेलन का आयोजन लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के शांति देवी मित्तल ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के नाते डॉक्टर कृष्ण गोपाल (सह सरकार्यवाह, कार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ) उपस्थित हुए। डॉ कृष्ण गोपाल ने मुख्य रूप से हमारी राष्ट्र की अवधारणा क्या है, भारत का उद्देश्य क्या है, हमारा गौरवशाली अतीत क्या था व आज देश एवं समाज को युवाओं से क्या अपेक्षा है आदि विषयों पर अपने विचार रखे।
डॉ कृष्ण गोपाल ने युवाओं से नागरिक कर्तव्यों को पूरे मन से पालन करने का आग्रह भी किया। डॉक्टर कृष्ण गोपाल ने कहा कि जो सड़क पर कूड़ा फेंक रहे हैं, उनकी देशभक्ति पर हमें संदेह है। डॉ कृष्ण गोपाल ने कहा कि आज भारत दुनिया में बहुत बड़ी आर्थिक शक्ति है। हमने कई क्षेत्रों में बहुत उन्नति की है, किंतु आज हमारे सामने कई बहुत बड़ी चुनौतियां भी हैं । इनमें से एक बहुत बड़ी चुनौती युवाओं में बढ़ते नशे के सेवन की है। यह समस्या पूरे देश भर में है और पंजाब में भी इसका बहुत अधिक प्रभाव है ।
कभी पंजाब पूरे देश में खेलों में सबसे अधिक मेडल लाने के लिए जाना जाता था । यहां खेल , कबड्डी, सबसे अधिक फौज में भर्ती के लिए पंजाब पूरे देश भर में सबसे अग्रणी था। दुर्भाग्य से पंजाब के कुछ युवा नशे में फस गए हैं। प्रदेश के सभी युवाओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि मैं न केवल खुद बल्कि अपने परिचित लोगों एवं अपने मित्रों को भी कभी भी नशे में लगने नहीं दूंगा और जो गलती में नशे का सेवन करते हैं उनको भी नशे से मुक्त करवाऊंगा ।
कार्यक्रम में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के लगभग 1200 छात्रों ने भाग लिया । उन्होंने डॉक्टर कृष्ण गोपाल से प्रश्न भी किए जिनका उन्होंने विस्तार पूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम में भगत सिंह विवेकानंद विचार मंच के संयोजक संजीव बाली भी उपस्थित रहे ।



