ट्रिनिटी सेवा फाउंडेशन द्वारा विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित

ट्रिनिटी सेवा फाउंडेशन द्वारा विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित
चण्डीगढ़ : ट्रिनिटी सेवा फाउंडेशन, चण्डीगढ़ द्वारा जिला मोहाली के गांव लखनौर में एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 100 गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को स्टेशनरी किट, कॉपी, रजिस्टर एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री के साथ-साथ खाने-पीने की वस्तुएं वितरित की गईं। कार्यक्रम में बच्चों ने गीत, नृत्य, कविताएं एवं नाटक प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनको विशेष उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही पिछले वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गांव के सरपंच जसपाल एवं उनकी धर्मपत्नी कुलदीप कौर सहित सहयोगी राजिंदर सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी को भी सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष रितेश भाटिया ने बताया कि ट्रिनिटी सेवा फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग देना तथा समाज के कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना है।



