माँ भगवती जागरण में रातभर गूंजे भजन, हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति में लगाई हाजिरी

माँ भगवती जागरण में रातभर गूंजे भजन, हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति में लगाई हाजिरी
चण्डीगढ़ : धनास क्षेत्र में बुधवार रात भक्ति और आस्था का संगम देखने को मिला, जब साईं सेवा संस्था ट्राईसिटी द्वारा दूसरा विशाल माँ भगवती जागरण बड़े ही भव्य स्तर पर आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा इलाका देर रात तक “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।

खरड़ से आई वैष्णो जागरण मंडली ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्रसिद्ध गायक शम्मी ने माँ की भेंटों के जरिए ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु पूरी रात भक्ति रस में डूबे नजर आए। भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु झूमते रहे और माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे द्वारा विधिवत ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिनमें भाजपा नेता अरुण सूद, चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंदर पाल मल्होत्रा, जसमनप्रीत सिंह, एरिया एसएचओ मिनी भारद्वाज, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रोहताश यादव और प्रवेश शर्मा, किन्नर अखाड़ा से महामंडलेश्वर कमलीनंद गिरी, मनवीर कैरल व हिमांशु शर्मा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
आयोजक उमेश कुमार और अजीत झा ने बताया कि यह जागरण लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया गया है, लेकिन इस बार इसे पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित रूप दिया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए भाजपा नेता नीलम शाह, अशोक गुज्जर, मनोज और पूरी कमेटी के सदस्यों का आभार जताया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात रहे, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु रखी गई। भक्तों के लिए लंगर की विशेष व्यवस्था की गई, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने बताया कि अगले वर्ष इस जागरण को और भी विशाल स्तर पर आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल होकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त
कर सकें।



