हैलोमाजरा लाइट प्वाइंट से अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे तक फुटपाथ व साइकिल ट्रैक पर उगी घास-झाड़ियों से बढ़ा हादसों का खतरा

हैलोमाजरा लाइट प्वाइंट से अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे तक फुटपाथ व साइकिल ट्रैक पर उगी घास-झाड़ियों से बढ़ा हादसों का खतरा

चण्डीगढ़ : हैलोमाजरा लाइट प्वाइंट से अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर फुटपाथ एवं साइकिल ट्रैक के दोनों तरफ काफी अधिक घास-फूस, झाड़ियां और जंगल उग आने के कारण राहगीरों एवं साइकिल चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से उचित सफाई एवं कटाई न होने के कारण सड़क का सौंदर्य भी प्रभावित हो रहा है।

समाजसेवी अरविंद सिंह ने संबंधित विभाग से मांग करते हुए कहा कि सड़क के किनारे इतनी अधिक घास और झाड़ियां हो गई हैं कि रात के समय स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना का शिकार होकर सड़क किनारे या फुटपाथ पर गिर जाए, तो घनी झाड़ियों के कारण उसके बारे में आसानी से पता नहीं चल पाएगा। इसी प्रकार यदि कोई नशे की हालत में व्यक्ति सड़क किनारे पड़ा हो, तो भी झाड़ियों में छिप जाने के कारण समय पर नजर नहीं आ सकती।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग चंडीगढ़ शहर के प्रवेश एवं महत्वपूर्ण आवागमन वाले रास्तों में से एक है। ऐसे स्थान पर इस तरह की अव्यवस्था न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि चंडीगढ़ की साफ-सफाई और खूबसूरती पर भी सवाल खड़ा करती है।
अरविंद सिंह ने संबंधित नगर निगम एवं प्रशासनिक विभागों से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और सड़क के दोनों ओर उगी घास-फूस एवं झाड़ियों की तत्काल कटाई और साफ-सफाई करवाई जाए तथा नियमित रूप से इसकी निगरानी की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ अपनी स्वच्छता, हरियाली और खूबसूरती के लिए जाना जाता है। लेकिन शहर के प्रमुख मार्ग पर इस तरह जंगल जैसी स्थिति बनना चिंता का विषय है। ऐसी स्थिति चंडीगढ़ शहर में पहले कभी देखने को नहीं मिली। जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सफाई करवाना बेहद जरूरी है।
जनहित में संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।


